एसआईआर के खिलाफ आर-पार के मूड में कांग्रेस, रामलीला मैदान में होगी विशाल रैली

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस पार्टी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग (EC) पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के इशारे पर काम करने का गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस ने इस प्रक्रिया के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए दिसंबर में दिल्ली के रामलीला मैदान में एक विशाल रैली आयोजित करने का फैसला किया है।

यह बड़ा फैसला इंदिरा भवन स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में लिया गया। बैठक के उपरांत कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और पार्टी के मीडिया एवं पब्लिसिटी के चेयरमैन पवन खेड़ा ने पत्रकारों को संबोधित किया।

केसी वेणुगोपाल ने बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह में रामलीला मैदान में एसआईआर के खिलाफ विशाल रैली आयोजित की जाएगी, जिसके जरिए चुनाव आयोग के राजनीतिकरण का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 12 प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के नेताओं के साथ विस्तृत बैठक हुई और सबकी आम भावना यही है कि चुनाव आयोग जानबूझकर समाज के कुछ वर्गों के वोट हटाने की कोशिश कर रहा है।

केरल और असम का दिया उदाहरण

केसी वेणुगोपाल ने केरल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहाँ स्थानीय निकाय चुनाव चल रहे हैं और 9 दिसंबर को पहले चरण का मतदान है, लेकिन उसी दिन बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) को अंतिम सूची देने के लिए कहा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अत्यधिक कार्य दबाव के कारण BLO आत्महत्या कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें एक महीने के भीतर प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि केरल विधानसभा ने एसआईआर प्रक्रिया को स्थगित करने का प्रस्ताव पारित किया है, लेकिन चुनाव आयोग नहीं सुन रहा है। उन्होंने असम के लिए अलग एसआईआर की घोषणा को देश में लोकतंत्र को कमजोर करने का भयावह प्रयास बताया।

Pawan Khera

सुप्रीम कोर्ट ने भी देखी बदनीयती: पवन खेड़ा

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि एसआईआर में निशाना बनाकर लोगों के नाम काटे जा रहे हैं और चुनाव आयोग ने जैसी नीति बिहार में अपनाई, वही बाकी राज्यों में भी दोहराई जाएगी। खेड़ा ने याद दिलाया कि सुप्रीम कोर्ट के पाँच आदेश एसआईआर के बारे में आए और पाँचों ही चुनाव आयोग के खिलाफ रहे, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने भी चुनाव आयोग की बदनीयती को स्पष्ट रूप से देखा। उन्होंने बताया कि पार्टी ने देशभर में एक हस्ताक्षर अभियान चलाया, जिसमें पाँच करोड़ से अधिक हस्ताक्षर एकत्र किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर वोटर का अधिकार छीना जाएगा तो कांग्रेस आवाज उठाएगी।

Also Read: सपा नेता आजम खां को जेल में नहीं मिली ए-क्लास की सुविधा, जेल प्रशासन ने लौटाए घर के कंबल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.