कांग्रेस नेताओं ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को दी श्रद्धांजलि, राहुल गांधी बोले- देशहित को प्रथम रखने की प्रेरणा दादी से मिली
Sandesh Wahak Digital Desk: देश की पूर्व प्रधानमंत्री और आयरन लेडी के नाम से मशहूर इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर आज कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर अपनी दादी को याद करते हुए उनके साहस और देशप्रेम को प्रेरणास्रोत बताया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, भारत के लिए निडर होकर फैसले लेने और हर परिस्थिति में देशहित को प्रथम रखने की प्रेरणा मुझे दादी से ही मिली है। उनका साहस, देशभक्ति और नैतिकता आज भी मुझे अन्याय के ख़िलाफ़ मज़बूती से खड़े होने का हौसला देती हैं।
खड़गे और सोनिया गांधी ने भी दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंदिरा गांधी को भारत की लौह महिला बताते हुए श्रद्धांजलि दी। आजीवन संघर्ष, साहस व कुशल नेतृत्व की मिसाल, भारत की लौह महिला, इंदिरा गांधी की जयंती पर शत शत नमन। राष्ट्र की एकता, अखंडता और उत्थान के लिए उन्होंने अपने साहस, दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व से अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए, जिन्होंने भारत को वैश्विक स्तर पर एक विशिष्ट पहचान प्रदान की।
जयंती के अवसर पर खड़गे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी शक्ति स्थल पहुँचे और पूर्व प्रधानमंत्री की अद्वितीय विरासत को श्रद्धांजलि अर्पित की। वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने भी ‘एक्स’ पर नमन करते हुए लिखा कि इंदिरा जी ने भारत की एकता और अखंडता अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया, और उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव प्रेरणा रहेगा।
कांग्रेस पार्टी ने कहा कि शक्ति की प्रतिमूर्ति इंदिरा गांधी ने अनेक भू-राजनीतिक चुनौतियों का सामना करते हुए राष्ट्र को आत्मनिर्भरता, समावेशी विकास और एक उन्नत वैश्विक स्थिति की ओर अग्रसर किया।
Also Read: US ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल को भारत के हवाले किया, आज दिल्ली पहुंचेगा

