जौनपुर में 42 करोड़ की कोडीन कफ सिरप बरामद, UP से बांग्लादेश तक फैला अवैध नेटवर्क

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में खाद्य और औषधि विभाग (FSDA) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप की अब तक की सबसे बड़ी खेपों में से एक को बरामद किया है। इस कार्रवाई ने राज्य में फैल रहे अवैध ड्रग तस्करी के विशाल नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

42 करोड़ रुपये की अवैध खेप जब्त

खाद्य-औषधि विभाग की टीम ने जौनपुर में छापा मारकर 1,89,000 कोडीन मिश्रित कफ सिरप की बोतलें बरामद की हैं। इन बोतलों की अनुमानित कीमत 42 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

जांच में सामने आया कि यह पूरी अवैध सप्लाई सिंडिकेट सरगना शुभम जायसवाल द्वारा संचालित फर्म शैली इंटरप्राइजेज के माध्यम से की जा रही थी। जौनपुर में संचालित 12 दवा फर्मों को झारखंड की राजधानी रांची से संचालित हो रही शैली इंटरप्राइजेज के माध्यम से करोड़ों रुपये की कोडीन सिरप सप्लाई की जा रही थी। शुभम जायसवाल इस पूरे अवैध नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। शैली इंटरप्राइजेज फर्म उसके पिता भोला प्रसाद के नाम पर रजिस्टर्ड है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि इस अवैध कारोबार की जड़ें उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, नेपाल और यहां तक कि बांग्लादेश तक फैली हुई हैं, जहाँ इन सिरपों का उपयोग नशे के बाजार में किया जाता था।  यह भी सामने आया है कि जौनपुर की 12 फर्मों ने लाखों बोतलें खरीदने के लिए शैली इंटरप्राइजेज को नकद भुगतान किया था।

FIR दर्ज और आगे की कार्रवाई

ड्रग इंस्पेक्टर की तहरीर पर जौनपुर कोतवाली में शैली इंटरप्राइजेज समेत 12 फर्मों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। जांच एजेंसियाँ अब फाइनेंशियल ट्रेल और बैंक खातों की जांच में जुट गई हैं, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों की भी पहचान कर जल्द ही गिरफ्तारी की जा सके।

Also Read: ‘50,000 वोट काटने की तैयारी’, अखिलेश यादव ने BJP और चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

Get real time updates directly on you device, subscribe now.