संभल में भीषण सड़क हादसा: कार और पिकअप की टक्कर में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: संभल जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हयातनगर थाना क्षेत्र के गाँव रसूलपुर धतरा के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर सब्जी से भरी पिकअप व ऑल्टो कार की आमने-सामने की टक्कर में दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
मरने वालों में बच्चे भी शामिल
हादसे का शिकार हुआ परिवार अमरोहा के आदमपुर निवासी रोहित का था। यह परिवार बहजोई के पैतृक गांव बिसारू में एक नामकरण कार्यक्रम में शामिल होकर आदमपुर लौट रहा था।
मृतकों का विवरण (6 लोग):
रेनू (35, रोहित की पत्नी)
भास्कर (7, रोहित का बेटा)
रिया (10, रोहित की बेटी)
देववती (40, रोहित की बहन)
गीता (28, रोहित की भाभी/सुनील की पत्नी)
कपिल (12, रोहित के साले किशन का बेटा)
हादसा गुरुवार की रात करीब साढ़े सात बजे हुआ, जब कार ने लहरावन से गंगा एक्सप्रेस-वे पर प्रवेश किया और सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई।
घायलों का उपचार जारी
इस हादसे में स्वयं रोहित (38) और उनका बड़ा बेटा जय (13) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पिकअप के चालक और परिचालक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
एस पी संभल, कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि छह लोगों की मौत हो गई है और चार घायल हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। हादसे के कारण का पता लगाया जा रहा है और उसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना जैसे ही अमरोहा और बिसारू पहुंची, दोनों गांवों में मातम छा गया और परिजनों की चीख-पुकार मच गई।
Also Read: गाजीपुर में तत्कालीन इंस्पेक्टर और कांस्टेबल पर मुकदमा, 2.18 लाख गबन का मामला

