शामली में पुलिस मुठभेड़: सवा लाख का इनामी मिथुन ढेर, 20 से अधिक मुकदमे थे दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: शामली जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार देर रात हुई मुठभेड़ में बावरिया गिरोह का सरगना और सवा लाख रुपये का इनामी अपराधी मिथुन ढेर हो गया। उसका साथी राहुल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। इस दौरान एसओजी का एक हेड कांस्टेबल गोली लगने से घायल हुआ, जबकि झिंझाना थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए।

वारदात की तैयारी में थे बदमाश

एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि वेदखेड़ी-मंसूरा मार्ग पर बावरिया गिरोह के सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।सूचना पर झिंझाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मिथुन ढेर हो गया।

मुठभेड़ में एसओजी के हेड कांस्टेबल हरविंदर गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, झिंझाना थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना की जैकेट में गोली लगकर निकलने से वह सुरक्षित बच गए। बदमाश के पास से एक कार्बाइन और एक मेड इन इटली पिस्टल बरामद हुई है।

20 से अधिक मुकदमों में वांछित था मिथुन

मिथुन पर शामली पुलिस की ओर से एक लाख रुपये और बागपत पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ हत्या और लूट समेत 20 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

एसपी ने बताया कि मिथुन और उसके गिरोह ने शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, दिल्ली, पंजाब, जयपुर और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में लूट और हत्या की वारदातों को अंजाम दिया था। वह 2017 के भारत कुमार हत्याकांड में भी शामिल था। वारदात के बाद वह अक्सर पंजाब, साउथ दिल्ली और जयपुर जैसे स्थानों पर शरण लेता था।

अपराधियों पर शामली पुलिस का एक्शन जारी

शामली पुलिस की यह हाल के दिनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले पुलिस ने 18 अक्तूबर को एक लाख के इनामी नफीस और 24 अक्तूबर को संजीव जीवा गैंग से जुड़े शूटर फैसल को भी मुठभेड़ में मार गिराया था। पुलिस का कहना है कि इन इनामी अपराधियों की धरपकड़ से जिले में सक्रिय गैंगों पर प्रभावी नकेल कसी गई है।

Also Read: यूपी में भीषण हादसा: बस-ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग, कई लोगों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.