शामली कलेक्ट्रेट में बड़ा भ्रष्टाचार, एआईजी स्टांप और सहायक 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: मंगलवार (09 दिसंबर 2025) को शामली कलेक्ट्रेट स्थित निबंधक कार्यालय में विजिलेंस मेरठ की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एआईजी स्टांप (Assistant Inspector General of Stamps) रविंद्र मेहता और उनके सहायक अश्वनी कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों अधिकारियों को ₹1 लाख की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। विजिलेंस मेरठ की 12 सदस्यीय टीम, जिसका नेतृत्व सीओ विजिलेंस आजाद सिंह ने किया।
शिकायतकर्ता किसान बधेव ने कुछ समय पहले जमीन खरीदी थी। जमीन की जांच (Verification) कराने के नाम पर अधिकारियों द्वारा उनसे ₹1 लाख की रिश्वत मांगी जा रही थी। परेशान किसान ने विजिलेंस मेरठ से शिकायत की। शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, विजिलेंस टीम ने तीन गाड़ियों में मौके पर पहुंचकर ट्रैप लगाकर दोनों अधिकारियों को दोपहर बाद रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
आगे की विधिक कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम दोनों अभियुक्तों (एआईजी स्टांप और सहायक) को आदर्श मंडी थाना लेकर गई है, जहाँ उनसे भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों पर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
Also Read: बरेली: फरीदपुर टोल प्लाजा पर भाजपा विधायक की गाड़ी रोकने पर बवाल, महिला कर्मी बर्खास्त

