पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर चलती ट्रेन से गिरफ्तार, देवरिया के धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को मंगलवार देर रात एक नाटकीय घटनाक्रम के तहत शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया। वह लखनऊ से नई दिल्ली जा रहे थे, तभी लखनऊ और शाहजहांपुर पुलिस ने मिलकर यह कार्रवाई की।
लखनऊ पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की थी। रात करीब सवा एक बजे जब ट्रेन शाहजहांपुर स्टेशन पर रुकी, तो पुलिस टीमें दोनों तरफ से उनके कोच में दाखिल हो गईं। बताया जाता है कि अमिताभ ठाकुर उस समय अपनी बर्थ पर सो रहे थे। पुलिस ने उन्हें जगाया और ट्रेन से नीचे उतार लिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से स्टेशन और सह-यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि अमिताभ ठाकुर के खिलाफ देवरिया में जमीन के नाम पर धोखाधड़ी का एक मुकदमा दर्ज है। यह मामला उनके देवरिया में पुलिस अधीक्षक (SP) रहने के दौरान का है। इसी मामले की जांच के लिए एक एसआईटी (SIT) का गठन किया गया था।

लखनऊ के केस में भी दर्ज है मुकदमा
देवरिया के मामले के अलावा, अमिताभ ठाकुर के खिलाफ कुछ दिन पहले लखनऊ के तालकटोरा थाने में भी धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया गया था। मंगलवार रात जब पुलिस को सूचना मिली कि वह दिल्ली जा रहे हैं, तो एसआईटी और तालकटोरा पुलिस की टीमों ने लोकेशन के आधार पर सीतापुर-शाहजहांपुर बॉर्डर पर उन्हें घेरा।
गिरफ्तारी के बाद उन्हें पहले लखनऊ लाया गया और फिर देवरिया ले जाया गया, जहाँ उनसे पूछताछ की जा रही है। बुधवार सुबह तालकटोरा थानाप्रभारी कुलदीप कुमार दुबे ने फोन पर अमिताभ ठाकुर की पत्नी नूतन ठाकुर को उनकी गिरफ्तारी की सूचना दी, जिसके बाद यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
Also Read: Lucknow News: अमीनाबाद स्थित घंटाघर पार्क में पार्किंग स्थल का शुभारंभ, यातायात को मिलेगी राहत

