देश भर से 3.55 लाख से अधिक वक्फ संपत्तियां गायब, महबूबा मुफ्ती ने उठाए सवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: देश भर में वक्फ संपत्तियों के आधिकारिक रिकॉर्ड को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में जारी नए उम्मीद डेटाबेस के आंकड़ों के अनुसार, पुरानी प्रविष्टियों की तुलना में कुल 3,55,312 वक्फ संपत्तियाँ रिकॉर्ड से कम पाई गई हैं। इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने सरकार से विस्तृत जवाब की मांग की है।

महबूबा मुफ्ती ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर आँकड़े साझा करते हुए गंभीर चिंताएँ व्यक्त कीं। उनके द्वारा साझा किए गए टेबल के अनुसार, 2024 में देशभर में वक्फ संपत्तियों की कुल संख्या 8,72,352 थी। वर्तमान में 7 दिसंबर 2025 तक यह संख्या घटकर 5,17,040 रह गई। राष्ट्रीय स्तर पर 3.55 लाख से अधिक संपत्तियाँ रिकॉर्ड से अचानक गायब हैं।

जम्मू-कश्मीर में भी स्थिति चिंताजनक

जम्मू-कश्मीर में भी वक्फ संपत्तियों के रिकॉर्ड में भारी गिरावट दर्ज हुई है। 9 दिसंबर 2024 को राज्य में वक्फ संपत्तियों की संख्या 32,533 थी। 2025 में यह संख्या घटकर 25,293 रह गई। यानी, जम्मू-कश्मीर में अचानक 7,240 प्रविष्टियाँ रिकॉर्ड से हट गई हैं।

महबूबा मुफ्ती ने कहा, वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर पहले से ही सवाल हैं और इतनी बड़ी संख्या में संपत्तियों का रिकॉर्ड से गायब होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने मौजूदा माहौल पर टिप्पणी करते हुए कहा, हिंसा, ध्वस्तीकरण और मुस्लिम समुदाय को हाशिये पर धकेलने की घटनाओं के बीच वक्फ भूमि का क्षरण एक और बड़ा वार जैसा महसूस होता है। आखिर यह सब कहाँ जाकर रुकेगा? उन्होंने सरकार से इस पूरे मुद्दे पर स्पष्ट जवाब और विस्तृत जाँच की मांग की है।

Also Read: बाराबंकी में किसान पाठशाला का उद्घाटन, सीएम योगी बोले- नवाचार से बढ़ेगी आय

Get real time updates directly on you device, subscribe now.