Lucknow News: थार की छत पर रील बनाने के लिए किया स्टंट, पुलिस ने गाड़ी सीज कर युवक को भेजा जेल

Lucknow News: सोशल मीडिया पर रील बनाने और वायरल होने का जुनून युवाओं पर इस कदर हावी है कि वे न सिर्फ अपनी, बल्कि दूसरों की जान की भी परवाह नहीं कर रहे हैं। राजधानी लखनऊ में एक ऐसा ही मामला सामने आया, जहाँ एक युवक को थार गाड़ी की छत पर खतरनाक स्टंट करना भारी पड़ गया। यह घटना लखनऊ के व्यस्त 1090 चौराहे से लेकर लोहिया पथ और गोल्फ क्लब चौराहे तक हुई। एक युवक थार (Mahindra Thar) गाड़ी की छत पर खड़ा होकर स्टंट कर रहा था, जबकि दूसरा व्यक्ति उसका वीडियो बना रहा था।

आरोपी दिलीप रावत ने स्टंट करते हुए न सिर्फ गाड़ी तेज रफ्तार से दौड़ाई, बल्कि ट्रैफिक में खतरनाक कट भी मारे, जिससे कई राहगीरों की जान जोखिम में पड़ गई। पुलिस के अनुसार, इस हरकत से कोई बड़ा हादसा हो सकता था। जैसे ही यह खतरनाक स्टंट वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, गौतमपल्ली पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर रत्नेश कुमार सिंह और उनकी टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी।

एसीपी हजरतगंज विकास कुमार जायसवाल ने बताया कि आरोपी चालक दिलीप रावत को 1090 चौराहे के पास से पकड़ लिया गया। आरोपी रहीमाबाद, जिंदोरघड़ी नत्थूखेड़ा का रहने वाला है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी दिलीप रावत ने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता भी की। उसने अपनी गिरफ्तारी को गलत बताते हुए पुलिस को देख लेने की धमकी दी। हालांकि, पुलिस कर्मियों ने उसे कड़ी फटकार लगाई और तुरंत गिरफ्तार कर थाने ले गए। उप-निरीक्षक अमित कुमार की तहरीर पर आरोपी कार चालक दिलीप के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और उसकी थार कार को भी सीज कर दिया गया है।

Also Read: BCCI के फैसले से मची हलचल, IPL Auction से पहले 9 खिलाड़ियों का पत्ता साफ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.