Lucknow News: छत पर खेल रही 3 साल की बच्ची के सिर में लगी अज्ञात गोली, 5 घंटे चला ऑपरेशन
Lucknow News: लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र के बस्तौली गांव से एक ऐसी खबर आई है जिसने हर माता-पिता को खौफ में डाल दिया है। अपने घर की छत पर भाइयों के साथ खेल रही एक 3 साल की मासूम बच्ची अचानक आसमानी गोली का शिकार हो गई। गनीमत यह रही कि गोली छत पर लगे टीन शेड को चीरती हुई आई थी, जिससे उसकी रफ्तार कम हो गई और बच्ची की जान बच गई।
रमेश की 3 वर्षीय बेटी लक्ष्मी अपनी घर की छत पर अपने दो बड़े भाइयों के साथ खेल रही थी। तभी अचानक एक जोरदार आवाज हुई इतनी तेज कि पड़ोसियों तक को सुनाई दी। लक्ष्मी के सिर से खून की धार बहने लगी और वह दर्द से चीख उठी। परिवार वाले तुरंत उसे पास के मेघना अस्पताल ले गए।
गोली देखे बिना ही लगा दिए टांके
शुरुआत में डॉक्टरों ने इसे मामूली चोट समझा और सिर में टांके लगाकर बच्ची को घर भेज दिया। लेकिन रात होते-होते लक्ष्मी की हालत बिगड़ने लगी। जब परिजन उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए, तो वहां के डॉक्टरों ने जो बताया उसे सुनकर पैरों तले जमीन खिसक गई। जांच में पता चला कि बच्ची के सिर के अंदर गोली फंसी हुई है।
ट्रॉमा सेंटर में 5 घंटे चला मौत से संघर्ष
लोहिया अस्पताल में बेड न होने के कारण लक्ष्मी को तुरंत केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने 5 घंटे तक जटिल ऑपरेशन किया और आखिरकार मासूम के सिर से वो जानलेवा गोली निकाल ली। लक्ष्मी अभी आईसीयू (ICU) में भर्ती है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
लक्ष्मी के पिता रमेश और दादा विक्की इस बात से हैरान हैं कि आखिर गोली आई कहां से। गोली चलने की आवाज तो आई थी, लेकिन किसने और कहां से फायरिंग की, इसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। गाजीपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या आसपास किसी शादी या समारोह में हर्ष फायरिंग हुई थी, या फिर यह किसी रंजिश का हिस्सा है।
Also Read: महिला वकील की अवैध हिरासत और उत्पीड़न के आरोपों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, UP सरकार को नोटिस

