पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने से दो लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक और घनी आबादी वाले इलाके चावड़ी बाजार से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे यहाँ एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभरा कर गिर गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। दिल्ली पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में अब तक दो लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि एक शख्स को गंभीर हालत में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, मलबे के नीचे अभी भी कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्हें तलाशने के लिए राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां तुरंत मौके पर रवाना कर दी गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयानक था कि जोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग कांप उठे। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि कुछ महीने पहले ही इस नई इमारत का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, जहाँ हादसे के वक्त तीन मजदूर काम कर रहे थे। एक अन्य स्थानीय महिला ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि उन्हें लगा कोई बड़ा विस्फोट हुआ हो। बाहर आकर देखा तो चारों तरफ मलबा ही मलबा फैला हुआ था और सड़क पूरी तरह से बंद हो चुकी थी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद राजनीतिक गलियारों में भी उबाल आ गया है। आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सरकार और नगर निगम (MCD) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने लिखा कि बार-बार कागजी सेफ्टी ऑडिट कराने के बावजूद दिल्ली में इमारतें लगातार क्यों ढह रही हैं? सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सुरक्षा मानकों के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है और विभिन्न विभागों द्वारा रिश्वतखोरी का खेल चल रहा है, जिसके कारण आम नागरिकों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जो लोग अवैध वसूली या नियमों के आगे झुकने से इनकार करते हैं, प्रशासन तुरंत उनकी इमारतों को सील कर देता है, जबकि भ्रष्टाचार के चलते नियमों का खुला उल्लंघन हो रहा है। फिलहाल, घटनास्थल पर प्रशासन और राहत दल की टीमें मुस्तैद हैं और मलबे को हटाने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।
Also Read: सपा पर बसपा का सीधा सियासी हमला, लखनऊ में लगे दोग… से सावधान वाले पोस्टर

