Bareilly News: मुठभेड़ में महिला का पर्स छीनने वाले दो शातिर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से एक घायल
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के थाना बारादरी क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को पैर में गोली लगने के बाद घायल अवस्था में दबोच लिया, जबकि उसके दूसरे साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। ये दोनों आरोपी इलाके में महिला का पर्स छीनने और पुलिस पर फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम दे चुके थे। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया सामान, अवैध असलहे और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले थाना बारादरी क्षेत्र में पासपोर्ट कार्यालय के पास से दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार एक महिला का पर्स झपट्टा मारकर छीन लिया था। पर्स में एक मोबाइल फोन, बैंक कार्ड्स, चाबियां और नकदी मौजूद थी। इस मामले में थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने तकनीकी मदद लेते हुए लगभग 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी क्रम में दिनांक 05.11.2026 को भरतौल रोड पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की खास सूचना पर पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में काजी टोला, थाना बारादरी निवासी उफैज़ा पुत्र नईमउद्दीन (उम्र: 26 वर्ष) और मोहन तालाब, ऐजाज नगर गौटिया, थाना बारादरी, जिला बरेली निवासी शकिल उर्फ शानू उर्फ नागराज पुत्र मोहम्मद अहमद उर्फ नन्हे (उम्र: 38 वर्ष) शामिल हैं। दोनों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड है। इन पर पूर्व में भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें थाना बारादरी में आर्म्स एक्ट के मुकदमे और वर्ष 2022 का धारा 302 (हत्या) का मामला भी शामिल है। इसके अलावा ताजा छिनैती और पुलिस मुठभेड़ के मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वे अशिक्षित हैं और कोई काम-धंधा नहीं करते। अपने शौक मौज पूरे करने के लिए वे चोरी और छिनैती की वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने ही स्कूटी सवार महिला का पर्स छीना था और वे आज भी किसी अन्य वारदात की फिराक में थे। पुलिस द्वारा पकड़े जाने और जेल जाने के डर से उन्होंने फायरिंग की थी। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह, उप-निरीक्षक मुनेन्द्र कुमार, नितिन राणा, धर्वेन्द्र कुमार, अमित कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: सपा पर बसपा का सीधा सियासी हमला, लखनऊ में लगे दोग… से सावधान वाले पोस्टर

