अल्लू अर्जुन बनाए गए आरोपी नंबर 11, पुलिस ने दाखिल की 100 पन्नों की चार्जशीट

Sandesh Wahak Digital Desk: दिसंबर 2024 में फिल्म पुष्पा-2 के प्रीमियर के दौरान हैदराबाद के संध्या थिएटर में मची भगदड़ ने एक महिला की जान ले ली थी। अब करीब एक साल बाद, हैदराबाद की चिक्कड़पल्ली पुलिस ने इस मामले में स्थानीय अदालत में 100 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट दाखिल की है। इस चार्जशीट में अभिनेता अल्लू अर्जुन सहित कुल 23 लोगों को आरोपी बनाया गया है।

पुलिस ने अल्लू अर्जुन को इस केस में आरोपी नंबर 11 (A-11) के रूप में नामजद किया है। चार्जशीट के अनुसार, अभिनेता पर आरोप है कि भीड़ की स्थिति अत्यधिक जोखिम भरी होने के बावजूद उन्होंने थिएटर का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों और पुलिस के साथ सही समन्वय नहीं किया, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई। अल्लू अर्जुन के साथ-साथ उनके मैनेजर, सुरक्षा टीम (बाउंसर) और फिल्म प्रोडक्शन हाउस के प्रतिनिधियों को भी लापरवाही का दोषी माना गया है।

थिएटर प्रबंधन पर भी गिरी गाज

हैदराबाद पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार के अनुसार, संध्या थिएटर के मालिकों और स्टाफ को भी आरोपी बनाया गया है। उन पर आरोप है कि अभिनेता के आने की जानकारी होने के बावजूद उन्होंने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जरूरी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया।

4 दिसंबर 2024 को पुष्पा-2 की स्क्रीनिंग के दौरान अपने पसंदीदा एक्टर की एक झलक पाने के लिए हजारों लोग उमड़ पड़े थे। इस भगदड़ में 35 वर्षीय रेवती की मौत हो गई थी। उनका छोटा बेटा श्रीतेज गंभीर रूप से घायल हो गया था। ऑक्सीजन की कमी के कारण उसे दिमागी जटिलताएं हुई थीं, जिसका इलाज अब भी चल रहा है।

Allu Arjun Pushpa 2 Stampede Case

अल्लू अर्जुन को काटनी पड़ी थी जेल

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए हैदराबाद की एक अदालत ने पहले अल्लू अर्जुन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था। जमानत मिलने की प्रक्रिया में देरी होने के कारण सुपरस्टार को एक रात जेल में भी बितानी पड़ी थी। हालांकि, इन कानूनी अड़चनों के बावजूद फिल्म ‘पुष्पा-2’ बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक हिट साबित हुई।

Also Read: गैंगस्टर विनय त्यागी की मौत पर अखिलेश यादव ने कसा तंज, बोले- पटकथा लिखने वाले हो जाएं सावधान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.