65 की उम्र में 8 सेकंड में जड़े 100 पंच, लखनऊ के प्रकाश चंद्र ने बनाया चौथा विश्व रिकॉर्ड

Sandesh Wahak Digital Desk: “हौसलों के आगे उम्र भी घुटने टेक देती है”, इस कहावत को अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी प्रकाश चंद्र ने एक बार फिर चरितार्थ कर दिया है। 65 वर्ष की आयु में प्रकाश चंद्र ने मात्र 8 सेकंड में 100 फुल कॉन्टैक्ट पंच मारकर एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। उनके इस अद्वितीय प्रयास को ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ ने आधिकारिक रूप से अपनी मान्यता दे दी है।

प्रकाश चंद्र के नाम यह चौथा विश्व रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। वह ब्लैक बेल्ट 6वीं डैन (6th Dan) हैं और उत्तर प्रदेश जूडो एसोसिएशन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इंडियन पैरा जूडो अकादमी में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में एसोसिएशन के महासचिव मुनव्वर अंजार ने उन्हें सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान मुनव्वर अंजार ने कहा कि प्रकाश चंद्र की यह उपलब्धि न केवल युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह समाज को संदेश देती है कि सेवानिवृत्ति के बाद भी शारीरिक ऊर्जा और जुनून को बनाए रखा जा सकता है।

इस ऐतिहासिक पल के गवाह कई वरिष्ठ अधिकारी और खिलाड़ी बने, जिनमें राजेंद्र शर्मा, आयशा मुनव्वर, संजय गिरी और जया साहू जैसे गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.