Lucknow News: राष्ट्र प्रेरणा स्थल की पार्किंग में खेल, 60 लाख के काम का बना दिया 2.25 करोड़ का बिल
Lucknow News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में उद्घाटित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ विवादों में घिर गया है। आरोप है कि लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के एक इंजीनियर ने पार्किंग बनाने के नाम पर सरकारी खजाने को करोड़ों का चूना लगाने की कोशिश की है। महज 60 लाख रुपये में होने वाले मिट्टी के समतलीकरण और रैंप के काम का बिल सवा दो करोड़ रुपये बना दिया गया।
25 दिसंबर को उद्घाटन समारोह के दौरान अलग-अलग जिलों से आने वाली बसों और गाड़ियों के लिए 13 अस्थायी पार्किंग बनाई गई थीं। इनमें सबसे बड़ी पार्किंग सीतापुर और लखीमपुर की बसों के लिए आरक्षित थी, जहां करीब 860 बसें खड़ी होनी थीं। इस पार्किंग को बनाने का जिम्मा सहायक अभियंता राहुल वर्मा को दिया गया था। भारी बसों के कारण जमीन न धंसे, इसके लिए 60 लाख रुपये का एस्टीमेट तय हुआ था। लेकिन काम पूरा होने के बाद जब फाइल अफसरों के पास पहुँची, तो बिल 2.25 करोड़ रुपये का निकला।

मिट्टी भी अपनी और बिल भी भारी!
जांच में जो बातें सामने आ रही हैं, वे और भी हैरान करने वाली हैं। नियम के मुताबिक समतलीकरण के लिए मिट्टी बाहर से मंगाकर डालनी होती है। लेकिन यहां ठेकेदार और इंजीनियर ने मिलीभगत कर पार्किंग के बगल वाले खाली प्लॉट से ही मिट्टी खोदकर डाल दी। कार्यदायी संस्था ने जो मटेरियल इस्तेमाल किया, वह भी बेहद घटिया दर्जे का बताया जा रहा है। सवा दो करोड़ के बिल के नाम पर जमीन पर सिर्फ मिट्टी की परत और 20 मीटर का एक पक्का रैंप ही नजर आ रहा है। गनीमत रही कि जब यह फाइल भुगतान के लिए उच्च अधिकारियों के पास पहुँची, तो उन्होंने एस्टीमेट में भारी अंतर देखकर साइन करने से मना कर दिया। पकड़े जाने के डर से संबंधित इंजीनियर ने फिलहाल फाइल को दबा दिया है।
LDA उपाध्यक्ष ने दिए जांच के आदेश
इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा है कि पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि एस्टीमेट में गड़बड़ी या भ्रष्टाचार पाया गया, तो जिम्मेदार इंजीनियर और संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: ग्रेटर नोएडा में हाई-वोल्टेज ड्रामा, शादी की जिद पर 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा आशिक

