दिल्ली मेट्रो क्वार्टर में लगी आग ने ली तीन जिंदगियां, पति-पत्नी और 10 साल की मासूम की जलकर मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ डीएमआरसी (DMRC) स्टाफ क्वार्टर की पांचवीं मंजिल पर अचानक लगी आग में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी 10 साल की छोटी बच्ची शामिल है। तीनों के शव जली हुई हालत में बरामद किए गए हैं।
दमकल विभाग के अनुसार, उन्हें देर रात करीब 2:39 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास बने इन क्वार्टर के पांचवें फ्लोर पर आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर सो रहे परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक सब कुछ राख हो चुका था।
जब दमकलकर्मी घर के अंदर दाखिल हुए, तो वहां का नजारा देख सबकी रूह कांप गई। घर के अंदर तीन लोगों के शव बुरी तरह जली हुई अवस्था में मिले। मृतकों की पहचान अजय (42 वर्ष), अजय की पत्नी नीलम (38 वर्ष) और बेटी जान्हवी (10 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से तफ्तीश शुरू कर दी है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या कोई और कारण था।
Also Read: कुशीनगर: 77 फरियादियों ने लगाई न्याय की गुहार, डीएम बोले- लापरवाही हुई तो सीधे कार्रवाई होगी

