JNU में उमर खालिद और शरजील के समर्थन में नारेबाजी, पीएम मोदी और गृहमंत्री के खिलाफ लगे आपत्तिजनक नारे

Sandesh Wahak Digital Desk: देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक JNU की साबरमती ढाबा एक बार फिर विवादित नारों की गवाह बनी। सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिल्ली दंगे के आरोपियों उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत अर्जी खारिज किए जाने के विरोध में वामपंथी संगठनों से जुड़े छात्रों ने देर रात प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और देश के बड़े उद्योगपतियों के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक नारे लगाए गए।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बढ़ा तनाव

यह पूरा विवाद सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी के बाद शुरू हुआ, जिसमें कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष के सबूत बताते हैं कि उमर खालिद और शरजील इमाम 2020 के दिल्ली दंगों की साजिश और लामबंदी में शामिल थे। कोर्ट ने दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। इसी फैसले के विरोध में साबरमती हॉस्टल के बाहर छात्र जमा हुए और ‘मोदी-शाह तेरी कब्र खुदेगी’ जैसे नारे लगाए।

शरजील इमाम देशद्रोह के आरोप में जेल में बंद हैं। उन पर ‘चिकन नेक’ (पूर्वोत्तर को भारत से जोड़ने वाला हिस्सा) को काटकर भारत से अलग करने का भाषण देने का आरोप है। वहीं उमर खालिद दिल्ली दंगों की साजिश रचने के आरोप में यूएपीए (UAPA) के तहत जेल में बंद हैं।

बीजेपी ने बोला हमला, सपोले बिलबिला रहे हैं

नारेबाजी का वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने सोशल मीडिया पर लिखा, सांपों के फन कुचले जा रहे हैं तो सपोले बिलबिला रहे हैं। नक्सली और आतंकी निपटाए जा रहे हैं, इसलिए ये हताशा है। वहीं, मनजिंदर सिंह सिरसा ने इसे देशद्रोह करार देते हुए कहा कि कांग्रेस और आप की शह पर ये सब हो रहा है और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।

कैंपस में सक्रिय छात्र संगठन ABVP के उपाध्यक्ष मनीष चौधरी ने कहा कि दंगाइयों के समर्थन में प्रधानमंत्री के खिलाफ ऐसे नारे लगाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी है, लेकिन अभी तक कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और जानकारी जुटा रही है।

Also Read: दिल्ली मेट्रो क्वार्टर में लगी आग ने ली तीन जिंदगियां, पति-पत्नी और 10 साल की मासूम की जलकर मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.