पत्रकार हसीन रहमानी पर रेप और ब्लैकमेलिंग का आरोप, निकाह का झांसा देकर 16 साल तक किया शोषण

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के जाकिर नगर थाने में दर्ज एक एफआईआर ने पत्रकार मोहम्मद हसीन रहमानी की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। एक पीड़िता ने रहमानी पर रेप, छेड़खानी, और एक ही समय में कई लड़कियों को धोखा देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का दावा है कि यह उत्पीड़न साल 2010 से शुरू हुआ और जनवरी 2026 तक जारी रहा।

दोस्ती, ब्लैकमेलिंग और 16 साल का दर्द

पीड़िता के मुताबिक, उसकी दोस्ती हसीन रहमानी से साल 2010 में जामिया मिलिया इस्लामिया में पढ़ाई के दौरान हुई थी। आरोप है कि रहमानी ने उसे अपने फ्लैट पर बुलाकर निकाह का वादा किया और शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने दूरी बनानी चाही, तो रहमानी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता का कहना है कि इसी डर की वजह से वह सालों तक खामोश रही और प्रताड़ना सहती रही।

Haseen Rahmani Arrested Delhi

दो शादियों का सच आया सामने

पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि रहमानी उसे अंधेरे में रखकर अन्य लड़कियों के साथ भी रिश्ते में था।

पहला खुलासा: दिसंबर 2025 में पीड़िता के भाई के मोबाइल पर एक निकाहनामा आया, जिससे पता चला कि रहमानी ने शालू सिद्दीकी नाम की लड़की से निकाह किया है।

दूसरा खुलासा: इसके बाद रूबा सिद्दीकी नाम की एक और महिला का निकाहनामा सामने आया। रूबा ने दावा किया कि उसका एक बच्चा भी है जो रहमानी को अब्बू कहता है।

Haseen Rahmani Arrested Delhi

नेताओं को खुश करने का दबाव

पीड़िता ने एक और बेहद गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि हसीन रहमानी लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था और फिर उन्हें अपने राजनीतिक संपर्कों और करीबियों को खुश करने के लिए मजबूर करता था। वह लड़कियों को तब तक साथ रखता था जब तक वे उसकी बात मानती थीं।

पीड़िता का कहना है कि इस पूरी साजिश में हसीन रहमानी का भाई मुस्तफा, बहन रेशमा और बहनोई सरवर भी शामिल हैं। आरोप है कि इन लोगों ने सच छिपाया और पीड़िता के परिवार से दहेज में कार की मांग भी की। पीड़िता ने अब दिल्ली पुलिस से सुरक्षा की मांग की है, क्योंकि उसे डर है कि जमानत मिलने पर रहमानी उसे जान से मार सकता है।

Also Read: अलीगढ़: हिक्स थर्मामीटर फैक्टरी पर आयकर विभाग का बड़ा छापा, दिल्ली की टीम खंगाल रही दस्तावेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.