बिहार के कई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पटना, गया और किशनगंज में मचा हड़कंप, कैंपस खाली
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की अदालतों के लिए आज का दिन बेहद तनावपूर्ण रहा। पटना, गया, दानापुर और किशनगंज के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। जिला जजों के आदेश पर अदालती कार्यवाही तुरंत रोक दी गई और वकीलों व फरियादियों से पूरा परिसर खाली करा लिया गया।
पटना सिविल कोर्ट के जिला जज के पास आए ईमेल में दावा किया गया कि कोर्ट कैंपस में 3 RDX युक्त IED रखे गए हैं। धमकी की गंभीरता को देखते हुए पीरबहोर थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ता (Dog Squad) मौके पर पहुँच गया। दानापुर व्यवहार न्यायालय को भी इसी तरह की धमकी के बाद खाली कराया गया। काम बाधित होने से कोर्ट आए सैकड़ों लोग दहशत में बाहर निकल आए।
किशनगंज सिविल कोर्ट को भी इसी तरह का धमकी भरा मेल मिला। यहाँ के एसपी सागर कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में ईमेल का स्रोत तमिलनाडु का प्रतीत हो रहा है। पुलिस की विशेष टीमें कोर्ट भवन के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही हैं, हालांकि अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
गया में डीएम और एसएसपी ने संभाला मोर्चा
गयाजी सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जिला जज के सरकारी ईमेल पर आए मैसेज ने प्रशासन के होश उड़ा दिए। खबर मिलते ही खुद डीएम और एसएसपी कोर्ट परिसर पहुँचे और सर्च ऑपरेशन की निगरानी की। कोर्ट रूम से लेकर चैंबर तक की सघन तलाशी ली जा रही है।

