चुनाव रणनीति बनाने वाली कंपनी IPAC के ठिकानों पर ED की रेड, भड़कीं ममता बनर्जी

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह पश्चिम बंगाल सहित देशभर में 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई फर्जी सरकारी नौकरी घोटाले और वित्तीय हेरफेर के सिलसिले में की जा रही है। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा कोलकाता के साल्टलेक स्थित I-PAC (इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी) के दफ्तर और इसके प्रमुख प्रतीक जैन के घर पर हुई रेड की है।

कोलकाता के लाउडन स्ट्रीट स्थित प्रतीक जैन के आवास पर जब ED की टीम घंटों से पूछताछ कर रही थी, तभी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अचानक वहां पहुंच गईं। मुख्यमंत्री का इस तरह छापेमारी के दौरान पहुंचना केंद्र और राज्य सरकार के बीच बढ़ते टकराव का साफ संकेत है। इस कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा, क्या ED और अमित शाह का काम अब पार्टी की हार्ड डिस्क और कैंडिडेट लिस्ट इकट्ठा करना रह गया है? जो गृह मंत्री देश की रक्षा नहीं कर सकता, वह मेरी पार्टी के सारे डॉक्यूमेंट्स ले जा रहा है। अगर मैं बीजेपी के पार्टी ऑफिस पर रेड करवाऊं तो क्या होगा?

ममता बनर्जी ने आगे आरोप लगाया कि चुनाव करीब आते ही उनकी पार्टी की रणनीतियों और वोटर्स के डेटा को हासिल करने के लिए यह सब किया जा रहा है। ED के सूत्रों के मुताबिक, यह सर्च ऑपरेशन मुख्य रूप से दो कड़ियों से जुड़ा है। दिल्ली में हुए एक वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में I-PAC के कनेक्शन की जांच की जा रही है। सूत्रों का यह भी कहना है कि यह छापा दिल्ली में दर्ज कोयला तस्करी के एक पुराने मामले से भी जुड़ा हो सकता है।

देशभर में 15 ठिकानों पर तलाशी

सिर्फ बंगाल ही नहीं, ED की टीमें भारत भर में एक संगठित गिरोह के खिलाफ भी तलाशी ले रही हैं, जो फर्जी सरकारी नौकरी का झांसा देकर लोगों से करोड़ों की ठगी कर रहा था। फिलहाल, कोलकाता में 5 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी पूछताछ और दस्तावेज़ों की जांच जारी है।

Also Read: बिहार के कई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पटना, गया और किशनगंज में मचा हड़कंप, कैंपस खाली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.