अमिताभ ठाकुर को CPR देते हुए लाया गया लखनऊ PGI, देवरिया जेल में बिगड़ी थी तबीयत
Sandesh Wahak Digital Desk: देवरिया जेल में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) के बाद गंभीर हालत में लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई (PGI) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें बुधवार देर रात करीब 3 बजे गोरखपुर से एम्बुलेंस के जरिए यहाँ लाया गया। फिलहाल वे कार्डियोलॉजी विभाग के एमआईसीयू (MICU) के बेड नंबर 14 पर भर्ती हैं, जहाँ हृदय रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर आदित्य कपूर की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
जेल की बैरक में उठा सीने में दर्द
घटनाक्रम की शुरुआत मंगलवार रात करीब 10:30 बजे हुई, जब अमिताभ ठाकुर ने जेल की बैरक में सीने में तेज दर्द और भारीपन की शिकायत की। जेल के डॉक्टर राहुल त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर उन्हें प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। रात 11:30 बजे उन्हें देवरिया के स्थानीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहाँ हुई ईसीजी (ECG) रिपोर्ट चिंताजनक आने पर डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें हायर सेंटर भेजने का फैसला लिया।
गोरखपुर से लखनऊ तक की आपाधापी
हालत नाजुक होने के कारण उन्हें एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंस के जरिए रात 1:00 बजे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेजा गया। हालांकि, बेहतर इलाज और विशेषज्ञ परामर्श के लिए उन्हें बुधवार देर रात लखनऊ PGI शिफ्ट किया गया। बताया जा रहा है कि रास्ते में उनकी हालत काफी स्थिर नहीं थी और डॉक्टरों को उन्हें सीपीआर (CPR) तक देना पड़ा।
जांच रिपोर्ट में मिली थोड़ी राहत
अमिताभ ठाकुर के स्वास्थ्य को लेकर एक राहत भरी खबर भी सामने आई है। गोरखपुर में की गई ट्रोप-आई (Trop-I) जांच की रिपोर्ट निगेटिव आई है। डॉक्टरों के अनुसार, यह जांच हार्ट अटैक की गंभीरता की पुष्टि के लिए बहुत महत्वपूर्ण होती है और इसका निगेटिव आना एक अच्छा संकेत है। फिलहाल लखनऊ PGI में उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन विशेषज्ञ अभी भी उन्हें ऑब्जर्वेशन में रख रहे हैं।
Also Read: लखनऊ में शटर काटकर चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, पुलिस ने 3 शातिर चोर दबोचे

