T20 World Cup 2026: ICC पर गंभीर आरोप, 100 से ज्यादा बांग्लादेशी पत्रकारों की मान्यता हुई रद्द

Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।

पहले बांग्लादेश टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को मौका देने का फैसला चर्चा में रहा और अब बांग्लादेशी मीडिया से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 100 से अधिक बांग्लादेशी पत्रकारों के एक्रिडिटेशन आवेदन खारिज कर दिए हैं।

130 से 150 पत्रकारों के आवेदन हुए खारिज

बांग्लादेश के प्रमुख अखबार द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की मीडिया कमेटी के चेयरमैन अमजद हुसैन ने इस फैसले की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बांग्लादेश से करीब 130 से 150 पत्रकारों ने आवेदन किया था, लेकिन उनकी जानकारी के मुताबिक किसी भी पत्रकार को आईसीसी से मान्यता नहीं मिली।

अमजद हुसैन ने कहा,

“जहां तक मुझे जानकारी है, सभी बांग्लादेशी पत्रकारों के आवेदन खारिज कर दिए गए हैं। इस बार 130 से 150 पत्रकारों ने आवेदन किया था, लेकिन किसी को भी मंजूरी नहीं मिली।”

T20 World Cup 2026

पहले मंजूरी, फिर अचानक रद्द

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि कुछ फोटो जर्नलिस्ट्स को पहले एक्रिडिटेशन की मंजूरी मिल गई थी, लेकिन बाद में उसे भी रद्द कर दिया गया।

बांग्लादेशी पत्रकार मीर फरीद के अनुसार, उन्हें 20 जनवरी को आईसीसी मीडिया विभाग से अप्रूवल ईमेल और वीजा सपोर्ट लेटर मिला था।

हालांकि, कुछ दिन बाद ही एक और ईमेल आया, जिसमें उनका आवेदन खारिज कर दिया गया।

सीनियर पत्रकारों ने जताया विरोध

इस फैसले को लेकर बांग्लादेशी पत्रकारिता जगत में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। सीनियर पत्रकार आरिफुर रहमान बाबू, जिन्होंने 1996 वर्ल्ड कप को कवर किया था, ने भी इस बार मान्यता न मिलने की पुष्टि की।

उन्होंने सवाल उठाया कि आमतौर पर आईसीसी के एसोसिएट मेंबर देशों के पत्रकारों को, टीम के टूर्नामेंट में हिस्सा न लेने की स्थिति में भी, एक्रिडिटेशन दी जाती है।

आरिफुर रहमान बाबू, जो बांग्लादेश स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (BSJA) के अध्यक्ष भी हैं, ने इस फैसले की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर बांग्लादेश स्पोर्ट्स प्रेस एसोसिएशन (BSPA) और बांग्लादेश स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स कम्युनिटी (BSJC) से बातचीत कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

ICC की चुप्पी से बढ़े सवाल

फिलहाल आईसीसी के मीडिया विभाग की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

हालांकि, यह साफ है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले यह विवाद और गहराता जा रहा है।

बांग्लादेश और आईसीसी के बीच यह टकराव अब सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मीडिया और पत्रकारिता तक भी पहुंच चुका है।

Also Read: T20 World Cup 2026: बांग्लादेश विवाद में पाकिस्तान की भूमिका पर BCCI ने उठाए सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.