मोकामा के ‘छोटे सरकार’ की विधानसभा तक दस्तक, कल लेंगे विधायक पद की शपथ, मिली इजाजत

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की सियासत के सबसे चर्चित चेहरों में से एक, ‘छोटे सरकार’ यानी अनंत सिंह कल एक बार फिर विधायक के रूप में अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे। जेल की सलाखों के पीछे से चुनाव जीतने वाले अनंत सिंह को आखिरकार शपथ लेने की कानूनी हरी झंडी मिल गई है।

मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह मंगलवार (3 फरवरी 2026) को सुबह 11 बजे बिहार विधानसभा में सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में वर्तमान में पटना की बेउर जेल में बंद अनंत सिंह को इसके लिए एमपी-एमएलए कोर्ट से विशेष अनुमति मिल गई है। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच उन्हें जेल से विधानसभा लाया जाएगा।

बिना प्रचार किए दर्ज की थी बड़ी जीत

साल 2025 के विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने वह कर दिखाया जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में रही। चुनाव के दौरान 30 अक्टूबर को हुई दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में आरोप लगने के बाद अनंत सिंह जेल चले गए थे। वह खुद के लिए प्रचार भी नहीं कर पाए थे, लेकिन उनके क्षेत्र के समर्थकों और जेडीयू के ललन सिंह जैसे दिग्गजों ने कमान संभाली। जब नतीजे आए, तो अनंत सिंह ने आरजेडी की वीणा देवी को भारी मतों के अंतर से शिकस्त दी।

जमानत याचिका हो चुकी है खारिज

अनंत सिंह ने शपथ लेने के लिए जमानत की अर्जी भी लगाई थी, लेकिन सिविल कोर्ट ने उसे खारिज कर दिया। ऐसे में उन्हें न्यायिक हिरासत (Custody) में ही शपथ के लिए लाया जाएगा। विधानसभा चुनाव के बाद जेल में रहने के कारण वे अब तक शपथ नहीं ले पाए थे, जिसे लेकर उनके समर्थकों में काफी बेचैनी थी।

विवादों से पुराना नाता

अनंत सिंह अपने अंदाज और विवादों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। मोकामा की सीट पर उनका और उनके परिवार का लंबे समय से कब्जा रहा है। हाल ही में जेल के भीतर सिगरेट पीते हुए उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसे लेकर विपक्ष ने सरकार को जमकर घेरा था।

अनंत सिंह से पहले उनकी पत्नी नीलम देवी वहां से विधायक थीं, लेकिन 2025 में जेल से बाहर रहने के दौरान अनंत सिंह ने खुद मैदान में उतरने का फैसला किया और जेडीयू के टिकट पर जीत का परचम लहराया।

Also Read: ‘PDA तो बहाना है, असली मकसद तो…’, सीएम योगी का अखिलेश यादव पर बड़ा पलटवार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.