संजय सिंह केस में बढ़ी सरगर्मी, अमेठी SOG प्रभारी समेत 4 पुलिसवाले कोर्ट में तलब
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह से जुड़े एक पुराने कानूनी मामले में अमेठी पुलिस की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। करीब पांच साल पहले दर्ज हुए आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में अब कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है।
संजय सिंह और 12 अन्य लोगों पर दर्ज आचार संहिता के उल्लंघन मामले में बुधवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। इस दौरान मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने अमेठी के एसओजी (SOG) प्रभारी अनूप कुमार सिंह समेत चार पुलिसकर्मियों को गवाही के लिए समन जारी कर तलब किया है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला साल 2021 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान का है। 13 अप्रैल 2021 को सुल्तानपुर के बंधुआकला थाने के हसनपुर गांव में एक चुनावी जनसभा हुई थी। पुलिस का आरोप था कि संजय सिंह ने बिना अनुमति के यह सभा की थी, जो सीधे तौर पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन था।
उस समय बंधुआकला थाने के तत्कालीन एसओ प्रवीण कुमार ने संजय सिंह सहित 13 नामजद और करीब 45 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
इन पुलिसकर्मियों को देना होगा जवाब
कोर्ट ने साक्ष्यों और गवाही की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए अमेठी के इन पुलिसकर्मियों को 16 फरवरी को पेश होने का आदेश दिया है।
अनूप कुमार सिंह (प्रभारी, एसओजी अमेठी)
अजीत कुमार पांडेय (हेड कांस्टेबल)
विवेक पांडेय (हेड कांस्टेबल)
पंकज कुमार (कांस्टेबल)
गौरतलब है कि पिछले साल 3 मार्च 2025 को संजय सिंह और अन्य आरोपियों ने इस मामले में कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया था। अब पुलिस की गवाही के बाद यह तय होगा कि मामले की दिशा क्या होगी।
Also Read: लखनऊ में गूंजा ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’, रविदास जयंती पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

