‘मैं आ रहा हूं…’, अकबरुद्दीन ओवैसी ने दी सीधी चुनौती, यूपी में AIMIM के विस्तार का ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के दंगल के लिए अभी से बिसात बिछने लगी है। इस बार मुकाबला सिर्फ सपा, बसपा और भाजपा के बीच नहीं, बल्कि हैदराबाद से चलकर आ रही AIMIM के साथ भी दिलचस्प होने वाला है। अकबरुद्दीन ओवैसी के ताजा बयान ने यूपी के सियासी तापमान को बढ़ा दिया है।

तेलंगाना के निजामाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए AIMIM के दिग्गज नेता और विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़े धमाके का संकेत दिया है। अपने तीखे तेवरों के लिए मशहूर अकबरुद्दीन ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती देते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश में भी पतंग (AIMIM का चुनाव चिन्ह) उड़ेगी।

‘यूपी आ रहा हूं, तैयार हो जाओ’

अकबरुद्दीन ओवैसी ने हुंकार भरते हुए कहा ‘मिस्टर योगी, मैं यूपी आ रहा हूं, तैयार हो जाओ। अब उत्तर प्रदेश में भी पार्टी का झंडा गाड़ेंगे। हम सब मिलकर यूपी चलेंगे और वहां अपनी ताकत दिखाएंगे’। उन्होंने साफ कर दिया कि पार्टी अब उत्तर प्रदेश को अपना अगला बड़ा सियासी पड़ाव बनाने जा रही है।

महंगाई और बेरोजगारी को बताया असली मुद्दा

अकबरुद्दीन ने अपने भाषण में हिंदू-मुस्लिम की राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश का असली मुद्दा टोपी या तिलक नहीं है। ओवैसी ने कहा कि ‘इस मुल्क पर जितना हक तिलक लगाने वाले का है, उतना ही टोपी पहनने वाले का है। हमने भी देश के लिए कुर्बानियां दी हैं’। उन्होंने तंज कसा कि असली मसला बेरोजगारी, महंगाई, छत, साफ पानी और बिजली का है, लेकिन चर्चा सिर्फ धर्म पर होती है।

कौन हैं अकबरुद्दीन ओवैसी?

अकबरुद्दीन ओवैसी AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के छोटे भाई हैं। वे हैदराबाद की चंद्रयानगुट्टा विधानसभा सीट से लगातार 6 बार विधायक चुने जा चुके हैं। साल 2023 में उन्हें तेलंगाना विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर भी बनाया गया था। अकबरुद्दीन अपने विवादित ’15 मिनट’ वाले पुराने भाषणों को लेकर अक्सर चर्चा और विवादों में रहते हैं।

Also Read: Budget Session 2026: मायावती का सरकार पर बड़ा प्रहार, राज्यपाल के अभिभाषण को बताया ‘औपचारिक’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.