‘कयामत तक भी नहीं बनेगा बाबरी ढांचा’, बाराबंकी में सीएम योगी बोले- ऐसे लोगों के खिलाफ होगी कार्रवाई
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी की एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष और कट्टरपंथी विचारधारा वाले लोगों पर जमकर निशाना साधा। राम मंदिर के मुद्दे पर अब तक का सबसे सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि अयोध्या में अब किसी दूसरे ढांचे की कल्पना करना भी बेकार है।
‘मंदिर वहीं बनाएंगे’ का वादा पूरा किया
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का जिक्र करते हुए जनता को याद दिलाया कि उनकी सरकार ने अपना वादा निभाया है। उन्होंने भावुक और आक्रामक लहजे में कहा हमने कहा था कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे… और आज मंदिर वहीं बन गया है। उन्होंने इसे करोड़ों सनातनी आस्थावानों की जीत और देश की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया।
बाबरी ढांचे पर दो टूक बयान
विपक्षी दलों और बाबरी ढांचे के पुनर्निर्माण की बात करने वालों को कड़ा संदेश देते हुए सीएम योगी ने कहा जो लोग दोबारा बाबरी ढांचे का सपना देख रहे हैं, उन्हें यह जान लेना चाहिए कि कयामत के दिन तक भी उसका पुनर्निर्माण नहीं होगा। उनके इस बयान के बाद जनसभा में जय श्रीराम के नारे गूंज उठे। उन्होंने इसे अवसरवादी राजनीति के खिलाफ एक स्थायी फैसला करार दिया।
‘कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे’
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए मुख्यमंत्री अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आए। उन्होंने अपराधियों और अराजक तत्वों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा “कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे।” कानून तोड़ने वालों को खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि उनकी सात पीढ़ियां उसे याद रखेंगी।
विकास और विरासत का संगम
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है, लेकिन आस्था के साथ खिलवाड़ और सुरक्षा के साथ समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाराबंकी की इस जनसभा के बाद यह साफ हो गया है कि आने वाले समय में ‘राम मंदिर’ और ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति सरकार के मुख्य एजेंडे में सबसे ऊपर रहेगी।
Also Read: ‘अमेरिका से डील नहीं, देश के साथ ढील हुई है’, संसद में हंगामे के बीच बोले अखिलेश यादव

