‘ये वो डील है जिसकी डाल पर बैठकर भाजपा खुद को काट रही है’, अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा तंज
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कथित ‘डील्स’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार को आड़े हाथों लिया है। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो साझा करते हुए अखिलेश ने सरकार की नीतियों को देश की खेती और व्यापार के लिए ‘अदृश्य जंजीर’ करार दिया।
ये ‘डील’ वो ‘डाल’ है, जिसको उस पर बैठनेवाला ही काट रहा है। ये डील हमारे देश की सिर्फ़ ख़ेती-मज़दूरी ही नहीं बल्कि हर तरह के पैदावार-उत्पादन, काम-कारोबार और रोज़गार के ख़िलाफ़ है। ये वो अदृश्य ज़ंजीर है जो पैसे के लालच में डूबे बिचौलियों की मानसिकतावाले ख़ुदगर्ज़ भाजपाइयों को दिख… pic.twitter.com/vvzp43OvuC
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) February 12, 2026
‘खेती और कारोबार के खिलाफ है यह जाल’
अखिलेश यादव ने शायराना और तल्ख अंदाज में लिखा कि भाजपा जिस डाल पर बैठी है, उसी को काट रही है। उन्होंने अपने पोस्ट में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा यह डील सिर्फ खेती-मजदूरी ही नहीं, बल्कि देश के हर तरह के उत्पादन और कारोबार के खिलाफ है। सपा प्रमुख ने इसे एक ऐसी ‘अदृश्य जंजीर’ बताया जो लालच में डूबे भाजपा नेताओं को दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बिचौलियों की मानसिकता का शिकार हो गई है।
अखिलेश के मुताबिक, विदेशी ताकतों ने पहले हमारे लोगों को जंजीरों में बांधा था और अब ‘डील का जाल’ फेंककर मौजूदा सरकार को अपने इशारों पर मजबूर कर दिया है।
‘आत्मनिर्भरता नहीं, ‘परनिर्भरता’ का नारा अपना ले भाजपा’
अखिलेश यादव ने भाजपा के पुराने ‘स्वदेशी’ के नारे पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अब वे लोग कहां भूमिगत हो गए हैं जो स्वदेशी की वकालत करते थे? उन्होंने कहा कि भाजपा को अब ‘आत्मनिर्भरता’ की जगह ‘परनिर्भरता’ (दूसरों पर निर्भर होना) का नारा अपना लेना चाहिए, क्योंकि उनकी नीतियां देश को आर्थिक रूप से गुलाम बना रही हैं।
विपक्ष के इन तीखे तेवरों से साफ है कि आने वाले दिनों में विदेशी व्यापार समझौतों और आर्थिक नीतियों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग और तेज होने वाली है।
Also Read: कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसे में शिवम मिश्रा को गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों में मिली जमानत

