महाशिवरात्रि से पहले लखनऊ की सड़कों पर पुलिस का फ्लैग मार्च, CM योगी ने दी सख्त चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: महाशिवरात्रि के पावन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस ‘अलर्ट मोड’ पर आ गई है। शनिवार को लखनऊ के हजरतगंज इलाके के नरही में पुलिस ने पैदल फ्लैग मार्च निकालकर जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और उपद्रवियों को सख्त संदेश दिया।

बाजारों और मंदिरों में सघन चेकिंग

नरही चौकी प्रभारी शिवम पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रमुख बाजारों, मंदिरों और भीड़भाड़ वाले चौराहों का निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी ली गई। पुलिस ने दुकानदारों और राहगीरों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

सीएम योगी की सीधी हिदायत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि होली, महाशिवरात्रि और रमजान जैसे त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहनी चाहिए। उन्होंने दो-टूक कहा है कि “त्योहार के रंग में भंग डालने की कोशिश करने वालों से पुलिस पूरी सख्ती से निपटे।” मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शोभायात्राओं में किसी भी हाल में उपद्रवी तत्व शामिल न हो पाएं।

अतिक्रमण और अफवाहों पर ‘डिजिटल’ नजर

पुलिस ने सुरक्षा के साथ-साथ शहर की व्यवस्था पर भी जोर दिया है। सड़क किनारे अवैध कब्जा करने वालों को चेतावनी दी गई है ताकि श्रद्धालुओं और यातायात को कोई असुविधा न हो। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस की साइबर टीम सक्रिय है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सीएम ने निर्देश दिया है कि होलिका दहन केवल पारंपरिक स्थलों पर हो, सड़क के बीचों-बीच आग जलाकर यातायात बाधित न किया जाए।

जनता से अपील: शांति और भाईचारा बनाए रखें

लखनऊ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे महाशिवरात्रि का पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और पुलिस का सहयोग करें। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है ताकि श्रद्धालु बिना किसी डर के दर्शन-पूजन कर सकें।

Also Read: लखनऊ: गोमती नगर विस्तार में जलभराव से मिलेगी मुक्ति, बनकर तैयार हुआ ‘फ्लड पंपिंग स्टेशन’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.