Ballia News: होली से पहले बिहार में शराब खपाने की थी तैयारी, STF ने दबोचे 3 अंतरराज्यीय तस्कर
Ballia News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) ने आगामी होली के त्योहार को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ की टीम ने बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र में छापेमारी कर अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई है।
गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो यूपी से बिहार में अवैध शराब की तस्करी करता है। योजना यह थी कि शराब की इस खेप को पिकअप गाड़ियों से गंगा किनारे पहुँचाया जाए और वहां से नावों के जरिए नदी पार कराकर बिहार राज्य में सप्लाई किया जाए। तस्करों ने कबूल किया कि बैरिया के चिरैयामोड़ स्थित एक लाइसेंसी गोदाम से अवैध रूप से यह शराब हासिल की गई थी। एसटीएफ ने तस्करों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।
शराब की खेप: 471 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर (कीमत लगभग 23 लाख रुपये)।
वाहन: तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 2 पिकअप गाड़ियाँ।
अन्य: 3 मोबाइल फोन और नगदी।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान
धर्मजीत भारती (निवासी: हुसैनाबाद, बलिया)
पिंटू प्रसाद (निवासी: बहादुरपुर, बलिया)
करन बहादुर साह उर्फ घुरघुर (निवासी: चिरैया मोड़, बलिया)
एसटीएफ लखनऊ के नेतृत्व में उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी की टीम बलिया में सक्रिय थी। उन्हें सूचना मिली कि पिकअप गाड़ियों से शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही है। टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से 26 फरवरी की तड़के करीब 4:30 बजे पूर्वी भवन टोला गंगा किनारे घेराबंदी की और तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया।

