ईरान के राष्ट्रपति ने पड़ोसी देशों से मांगी माफी, बोले– अब हम नहीं करेंगे हमला, शांति के लिए सहयोग की जरूरत
Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने एक बेहद भावुक और कूटनीतिक संदेश जारी किया है। सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक वीडियो संदेश में राष्ट्रपति ने उन पड़ोसी देशों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है, जो हालिया सैन्य कार्रवाइयों की चपेट में आए थे।
राष्ट्रपति पेजेशकियन ने सीधे शब्दों में कहा, मुझे लगता है कि उन पड़ोसी देशों से माफी मांगना जरूरी है जिन पर हमला हुआ है। उन्होंने साफ किया कि ईरान का अपने पड़ोसियों के साथ दुश्मनी मोल लेने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने इलाके में अमन-चैन कायम करने के लिए सभी देशों से आपसी सहयोग की अपील की है।
सेना को जारी किए गए नए निर्देश
ईरानी राष्ट्रपति ने बताया कि उन्होंने अपनी सेना को सख्त आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा, सैन्य बलों को निर्देश दिया गया है कि अब से किसी भी पड़ोसी देश पर तब तक हमला न करें, जब तक कि ईरान पर पहले हमला न हो। हम केवल अपनी रक्षा में कदम उठाएंगे।
अमेरिका और इजरायल को दी चेतावनी
पड़ोसियों से दोस्ती का हाथ बढ़ाते हुए भी पेजेशकियन के तेवर अमेरिका और इजरायल को लेकर सख्त रहे। उन्होंने कहा कि जो देश इस स्थिति का फायदा उठाकर ईरान को निशाना बनाने की सोच रहे हैं, उन्हें साम्राज्यवाद की कठपुतली नहीं बनना चाहिए। उन्होंने पड़ोसी मुल्कों को नसीहत देते हुए कहा कि इजरायल या अमेरिका का पिछलग्गू बनना न तो इज्जत का रास्ता है और न ही आजादी का।
Also Read: Pratapgarh News: खनवारी नहर में डूबीं तीनों बच्चियों के शव 48 घंटे बाद मिले, गांव में पसरा सन्नाटा

