Lucknow News: कमर्शियल गैस की किल्लत बढ़ी, इंडियन ऑयल कार्पोरेशन ने रोकी सप्लाई, जानिए वजह

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ सहित देश भर के व्यापारियों और रेस्टोरेंट संचालकों के लिए सोमवार की सुबह एक बुरी खबर लेकर आई। इंडियन ऑयल कार्पोरेशन (IOC) ने सोमवार सुबह से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई अचानक ठप कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, बॉटलिंग प्लांट में सिलेंडरों की भराई का काम बंद हो गया है, जिसका सीधा असर बाजार में सप्लाई पर पड़ा है।

क्यों रुक गई सप्लाई?

इस सप्लाई के ठप होने का सीधा संबंध खाड़ी देशों में चल रहे भीषण तनाव से है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में भारी उछाल आया है। चूंकि भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से आयात करता है, वहां जारी बारूद के धमाकों की गूंज अब लखनऊ के बाजारों में सुनाई दे रही है।

महंगाई का खतरा: 30-40% बढ़ सकते हैं दाम

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर यह स्थिति कुछ और दिनों तक बनी रही, तो इसका असर केवल गैस तक सीमित नहीं रहेगा। लखनऊ में रोजाना लगभग 10,000 कामर्शियल सिलेंडरों की खपत है, सप्लाई रुकने से कारोबार प्रभावित होगा। गैस और खाद (Fertilizers) की कीमतों में बढ़ोतरी से अनाज और अन्य खाद्य पदार्थों के दाम 30 से 40 फीसदी तक बढ़ सकते हैं।

राहत की बात: 31 मार्च तक नहीं बढ़ेगा भाड़ा

कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के बावजूद भारतीय पेट्रोलियम कंपनियों ने फिलहाल कीमतों को स्थिर रखने की कोशिश की है। ट्रांसपोर्टर राज नारायण के अनुसार, पेट्रोलियम कंपनियों के साथ हुए पुराने अनुबंध के कारण 31 मार्च तक परिवहन भाड़ा नहीं बढ़ाया जाएगा। इससे फिलहाल व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा, लेकिन अप्रैल से स्थिति चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

Also Read: Amroha News: मटर प्लांट में अमोनिया गैस के रिसाव से हड़कंप, दम घुटने से 6 महिला कर्मचारी बेसुध

Get real time updates directly on you device, subscribe now.