Lucknow News: चंदौली पुलिस का इनामी तस्कर अहमदाबाद से गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (प्रयागराज यूनिट) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 50,000 रुपये के पुरस्कार घोषित अपराधी अफसार अहमद सिद्दीकी को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। अफसार काफी समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था और अहमदाबाद में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।

एसटीएफ फील्ड इकाई, प्रयागराज के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के निर्देशन में एक टीम लंबे समय से फरार अपराधियों की लोकेशन ट्रेस कर रही थी। जांच के दौरान पुख्ता जानकारी मिली कि कौशाम्बी निवासी अफसार अहमद सिद्दीकी अहमदाबाद की ‘आईरोमेगा इंडस्ट्रीज’ के पास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही एसटीएफ की टीम ने गुजरात पहुंचकर जाल बिछाया और बुधवार रात करीब 10:25 बजे उसे दबोच लिया।

पूछताछ में अफसार ने जुर्म कबूलते हुए बताया कि वह मूल रूप से कौशाम्बी का रहने वाला है और गुजरात में ट्रक चलाने का काम करता था। उसने अपना एक पुराना ट्रक (GJ-01-CY-5702) प्रतापगढ़ निवासी एक व्यक्ति को एग्रीमेंट पर चलाने के लिए दिया था। 28 अक्टूबर, 2023 को इसी ट्रक में 18 गोवंश लादकर बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था।

चंदौली पुलिस ने एनएच-2 हाइवे पर नौबतपुर के पास चेकिंग के दौरान ट्रक पकड़ लिया था, लेकिन ड्राइवर भागने में सफल रहा था। जब अफसार को पता चला कि इस मामले में उसका नाम सामने आ गया है और उस पर 50 हजार का इनाम घोषित हो गया है, तो वह गिरफ्तारी से बचने के लिए गुजरात भाग गया और वहीं छिपकर रहने लगा।

एसटीएफ ने गिरफ्तार अभियुक्त को अहमदाबाद के स्थानीय थाना जीआईडीसी वटवा में दाखिल किया है। फिलहाल वहां की माननीय अदालत से उसका ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसके बाद उसे उत्तर प्रदेश लाया जाएगा।

Also Read: पीएम मोदी कल जारी करेंगे सम्मान निधि का पैसा, यूपी के करोड़ों किसानों को मिलेगा लाभ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.