Hardoi News: मुठभेड़ में भाई की पत्नी के हत्यारे जेठ के पैर में लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Hardoi News: हरदोई के कछौना थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला को सिर्फ इसलिए अपनी जान गंवानी पड़ी क्योंकि उसने अपनी जेठानी को उसके पति के जुल्मों से बचाया था। पुलिस ने हत्यारोपी जेठ राजकुमार को शनिवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

शनिवार देर रात पुलिस टीम सुठेना फाटक के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी राजकुमार लखनऊ भागने की फिराक में है। घेराबंदी होते देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली राजकुमार के पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। उसके पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। यह पूरी कहानी एक नेक काम के बदले मिली दर्दनाक मौत की है।

विवाद की जड़: आरोपी राजकुमार रेलवे में गैंगमैन है। 9 मार्च को वह अपनी पत्नी किरन को बेरहमी से पीट रहा था। तभी उसके छोटे भाई रामसेवक की पत्नी मंजू (25 वर्ष) ने बीच-बचाव किया और अपनी जेठानी किरन को बचाने के लिए अपने घर ले आई।

खौफनाक इंतकाम: इस बात से राजकुमार इतना नाराज था कि शुक्रवार (13 मार्च) शाम जब मंजू घर में खाना बना रही थी, तब वह चुपके से पीछे से आया और उसकी पीठ में गोली मार दी। अस्पताल ले जाते समय मंजू ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद राजकुमार की पत्नी किरन बदहवास है। उसने बताया कि मंजू ने उसे राजकुमार के गुस्से और मारपीट से बचाने के लिए अपने घर में पनाह दी थी, लेकिन उसे क्या पता था कि उसका पति इतना बड़ा कदम उठा लेगा। पुलिस ने मंजू के पति रामसेवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Also Read: Anil Kapoor Movie: 17 साल पुरानी इस फिल्म के लिए आज भी अनिल कपूर को मिलते हैं पैसे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.