Barabanki News: 11 वर्षीय बच्ची का अपहरण और रेप के बाद हत्या, कुएं से बरामद हुआ शव

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के पालपुर गांव में एक 11 वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर रेप के बाद हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हड़कंप मचते ही हरकत में आई पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर गांव के पास स्थित एक कुएं से बालिका का शव बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (SP) रवीना त्यागी के अनुसार, गुरुवार रात पालपुर गांव से 11 साल की बच्ची के अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने की सूचना परिजनों ने दी थी। परिजनों ने गांव के ही निवासी उत्तम सिंह पर बच्ची के अपहरण का सीधा आरोप लगाया था। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर मासूम की तलाश और आरोपी की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कीं।

मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

शुक्रवार तड़के आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम का सामना जब आरोपी उत्तम सिंह से हुआ, तो उसने पुलिस पर हमला करने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। घायल अवस्था में आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अपहरण के बाद रेप और फिर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से हत्या कर शव को कुएं में फेंकने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी उत्तम सिंह एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिस पर चोरी और एनडीपीएस एक्ट समेत कई संगीन मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस मामले में विधिक कार्यवाही पूरी कर रही है।

Also Read: प्रेमानंद आश्रम में जिंदा मिले प्रयागराज से लापता ग्राम प्रधान, परिजनों ने जताई थी हत्या की आशंका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.