Lucknow News: ‘ताला बंद’ घरों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पुलिस ने पकड़ा शातिर चोर
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के पॉश इलाकों में चोरी की वारदातों से दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर शहीद पथ अंडरपास के पास घेराबंदी कर बाराबंकी निवासी संतोष कश्यप उर्फ राहुल को दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से करीब 31 ग्राम सोना और 2 किलो चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।
चोरी का तरीका: रेकी के बाद ‘गेट फांदकर’ करते थे सफाई
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने चोरी करने का जो तरीका बताया, वह चौंकाने वाला है। ये लोग रात के समय उन घरों की तलाश करते थे जिनके बाहर ताला लटका होता था। घर के बाहर ताला देखते ही ये सुनिश्चित कर लेते थे कि परिवार बाहर गया है। इसके बाद ये गेट के ऊपर से चढ़कर अंदर दाखिल होते और इत्मीनान से कीमती सामान समेटकर फरार हो जाते थे।

इन वारदातों का हुआ खुलासा
इस गिरोह के पकड़े जाने से गोमतीनगर और विभूतिखंड इलाके के कुल 6 बड़े मुकदमों का पर्दाफाश हुआ है। गोमतीनगर के विरामखंड में सुनील कुमार अवस्थी और प्रज्ञा श्रीवास्तव के घरों में हुई हालिया चोरियों का माल बरामद कर लिया गया है। इसके अलावा विभूतिखंड थाना क्षेत्र की भी चार अन्य चोरियों के मामले सुलझ गए हैं।
बरामद सामान की लंबी सूची
पुलिस ने इनके पास से जेवरों का बड़ा जखीरा बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं
सोना: चेन, अंगूठी, कान की बाली, कंगन, झुमकी और ‘हाय’ लिखे हुए लॉकेट।
चांदी: 2 किलो वजन के चांदी के गिलास, कमरबंद, 15 जोड़ी पायल, सिक्के, कटोरी और ब्रेसलेट।
नकदी: 2900 रुपये नगद।
कौन है गिरफ्तार अभियुक्त?
पकड़ा गया मुख्य आरोपी संतोष कश्यप (19 वर्ष) बाराबंकी का रहने वाला है, जो फिलहाल लखनऊ के इस्माइलगंज इलाके में रह रहा था। संतोष पर पहले से ही चिनहट, इंदिरा नगर और गाजीपुर थानों में चोरी और नकदी बरामदगी के आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, साथ पकड़े गए किशोर का भी पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और चोरी का माल खरीदने वालों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
Also Read: Siddharthnagar News: पुलिस ने तकनीकी कौशल से ट्रैक किया ऑटो, महिला को वापस मिले गहने

