जोमैटो ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस, अब हर फूड ऑर्डर पड़ेगा और महंगा

Sandesh Wahak Digital Desk: घर बैठे खाना मंगाने का शौक रखने वाले ग्राहकों के लिए बुरी खबर है। दिग्गज ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो (Zomato) ने अपनी प्लेटफॉर्म फीस (Platform Fee) में बड़ा इजाफा कर दिया है। इसका सीधा असर आपके जेब पर पड़ेगा और अब जोमैटो से खाना ऑर्डर करना पहले के मुकाबले महंगा हो जाएगा।

ऐप के लेटेस्ट बिलिंग डेटा के अनुसार, जोमैटो ने प्लेटफॉर्म फीस में करीब 19.2 प्रतिशत यानी 2.40 रुपए प्रति ऑर्डर की बढ़ोतरी की है। इस बढ़ोतरी के बाद, नई प्लेटफॉर्म फीस अब 14.90 रुपए प्रति ऑर्डर हो गई है, जो पहले 12.5 रुपए थी। यानी अब आप जब भी जोमैटो से खाना ऑर्डर करेंगे, तो आपको खाने की कीमत और डिलीवरी चार्ज के अलावा 14.90 रुपए अतिरिक्त प्लेटफॉर्म फीस के रूप में चुकाने होंगे।

यह बढ़ोतरी ऐसे समय में आई है जब हाल ही में एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। इससे रेस्तरां चलाने वालों की लागत बढ़ गई है और वे भी अपने खाने के दाम बढ़ा रहे हैं। ऐसे में, दोहरी मार ग्राहकों पर ही पड़ रही है, एक तरफ रेस्तरां से महंगा खाना और दूसरी तरफ डिलीवरी ऐप की बढ़ी हुई फीस। जोमैटो ने पहली बार अगस्त 2023 में महज 2 रुपए प्रति ऑर्डर की प्लेटफॉर्म फीस लागू की थी, जिसे बाद में धीरे-धीरे बढ़ा दिया गया।

सितंबर 2025: कंपनी ने आखिरी बार प्लेटफॉर्म शुल्क में बदलाव किया था।

फरवरी 2025: त्योहारी सीजन के दौरान जोमैटो ने इसे 6 रुपए से सीधे 10 रुपए प्रति ऑर्डर कर दिया था।

स्विगी भी नहीं है पीछे

जोमैटो की मुख्य प्रतिद्वंद्वी कंपनी स्विगी (Swiggy) भी फिलहाल कर (Tax) सहित 14.99 रुपए प्रति ऑर्डर का प्लेटफॉर्म शुल्क वसूल रही है। यह साफ है कि फूड डिलीवरी कंपनियां अपनी बढ़ती परिचालन लागतों के बीच अपना मुनाफा (मार्जिन) सुधारने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं।

Also Read: युद्ध को समाप्त कराने की क्षमता केवल भारत के पास है: मोहन भागवत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.