PM मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति से की बात, पश्चिम एशिया में शांति की कामना, समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर जोर

Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से टेलीफोन पर बातचीत की और उन्हें ईद एवं नौरोज़ की शुभकामनाएं दीं। इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान क्षेत्र में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले न केवल क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा हैं, बल्कि वैश्विक आपूर्ति शृंखला को भी बाधित करते हैं।

समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर विशेष जोर

पीएम मोदी ने समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि नेविगेशन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “अंतरराष्ट्रीय शिपिंग लेन खुली और सुरक्षित बनी रहनी चाहिए।” यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर दुनियाभर में चिंता जताई जा रही है।

ईरान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा की सराहना

प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए ईरान सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना भी की। उन्होंने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंधों को याद करते हुए आपसी हितों के मुद्दों पर सहयोग जारी रखने पर भी जोर दिया।

यह बातचीत ऐसे नाजुक समय में हुई है, जब पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने और संवाद के जरिए मसलों के समाधान की आवश्यकता पर सहमति जताई।

Also Read: सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज में ‘संजीवनी’ बना 40,000 का फ्री इंजेक्शन, अब तक 4 हार्ट अटैक मरीजों की बची जान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.