सपा मुख्यालय में गूंजा सम्राट अशोक का जयघोष, अखिलेश बोले- 2027 में रिवरफ्रंट पर विराजेगी सम्राट अशोक की सुनहरी प्रतिमा’
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर चौतरफा हमला बोला। सपा मुख्यालय में चक्रवर्ती सम्राट अशोक मौर्य की जयंती मनाने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सरकार को ईंधन संकट, ‘फर्जी’ निवेश दावों और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर घेरा। अखिलेश ने स्पष्ट किया कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर पिछड़ों, दलितों और महिलाओं के लिए क्रांतिकारी कदम उठाए जाएंगे।

सम्राट अशोक का सम्मान और मौर्य समाज की एकजुटता
अखिलेश यादव ने सम्राट अशोक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान मौर्य, कुशवाहा, शाक्य और सैनी समाज का भारी हुजूम जुटा। “सपा सरकार आने पर गोमती रिवरफ्रंट पर सम्राट अशोक की भव्य प्रतिमा लगेगी, जिन्हें सोने के सिंहासन पर प्रतिष्ठित किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक ने शांति और सौहार्द का जो संदेश शिलालेखों और स्तम्भों के जरिए दिया, सपा उसी रास्ते पर चलकर समाज को नई दिशा देगी।

“भाजपा यानी प्रोपेगेंडा का इवेंट”
निवेश के दावों पर तंज कसते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार केवल इवेंट और झूठे प्रचार पर टिकी है। उन्होंने हालिया एमओयू विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि जिन कंपनियों का कोई वित्तीय आधार नहीं है, उनके साथ कागजी खेल खेला जा रहा है। सपा ने प्रदेश में हुए सभी एमओयू की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। अखिलेश ने तीखा हमला करते हुए कहा, “हिटलर के पास एक प्रोपेगेंडा मंत्री था, लेकिन भाजपा में तो केंद्र से प्रदेश तक सभी मंत्री खुद को ‘प्रोपेगेंडा मिनिस्टर’ (PM) समझते हैं।”

ईंधन संकट: “LPG मतलब अब लापता गैस”
प्रदेश में छाई गैस और पेट्रोल की किल्लत पर अखिलेश ने भाजपा को ‘लाइन लगवाने वाली पार्टी’ बताया। “सरकार ने संकट से निपटने के बजाय जनता को कोरोना काल की याद दिला दी। 14.2 किलो का सिलेंडर अब 10 किलो का हो गया है, जिसे जनता ‘लापता गैस’ कह रही है।” उन्होंने कहा कि भाजपा ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकजुटता से घबरा गई है, क्योंकि यही वर्ग अब लाइन में लगकर भाजपा का सफाया करेगा।

आधी आबादी के लिए ‘स्त्री सम्मान’ का दांव
महिलाओं को साधने के लिए अखिलेश यादव ने ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का खाका पेश किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर गरीब परिवार की महिलाओं को प्रति वर्ष 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। उन्होंने दोहराया कि महिला आरक्षण में पिछड़ी, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासी महिलाओं का कोटा सुनिश्चित होना चाहिए। अखिलेश यादव ने महिला सभा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रुक्मिणी देवी निषाद का परिचय कराते हुए कहा कि वे उस समाज का प्रतिनिधित्व करती हैं जिसने संघर्ष और पीड़ा देखी है।

AI और विश्वगुरु पर कटाक्ष
अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा एआई (AI) का प्रयोग दूसरे नेताओं की छवि खराब करने के लिए कर रही है, जबकि सपा सरकार इसे खेती-किसानी और जनता की भलाई के लिए इस्तेमाल करेगी।
मिडिल ईस्ट युद्ध पर उन्होंने कहा कि भारत के पास ‘विश्वगुरु’ बनने का बड़ा मौका था, जिसे भाजपा की कमजोर विदेश नीति के कारण खो दिया गया। यदि भारत युद्ध रुकवा देता, तो दुनिया लोहा मानती।
Also Read: तेल के लिए लखनऊ के पेट्रोल पंपों पर उमड़ा जनसैलाब, कहीं लंबी कतारें तो कहीं नो स्टॉक के बोर्ड

