कब्ज से परेशान हैं? जानें डाइट में बदलाव से कैसे पाए राहत

Sandesh Wahak Digital Desk: कई लोगों को अक्सर कब्ज (Constipation) की समस्या बनी रहती है, जिसमें मल त्याग मुश्किल हो जाता है या पेट पूरी तरह साफ नहीं होता। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे कम फाइबर वाला भोजन, पानी की कमी, ज्यादा जंक फूड का सेवन, खराब दिनचर्या और शारीरिक गतिविधि की कमी। खासतौर पर जब डाइट में हरी सब्जियां, फल और साबुत अनाज की मात्रा कम होती है, तो पाचन तंत्र धीमा पड़ जाता है। वहीं तला-भुना, प्रोसेस्ड फूड और ज्यादा मीठा खाने से भी यह समस्या बढ़ सकती है।

डाइट में बदलाव क्यों है जरूरी?

कब्ज की स्थिति में खानपान में बदलाव बेहद जरूरी होता है, क्योंकि सही डाइट पाचन तंत्र को मजबूत बनाती है और आंतों की गति को संतुलित रखती है। अगर समय रहते खानपान पर ध्यान न दिया जाए, तो यह समस्या बार-बार हो सकती है और आगे चलकर गंभीर रूप भी ले सकती है।

कब्ज में क्या खाएं?

दिल्ली एमसीडी के डॉक्टर डॉ. अजय कुमार के अनुसार, कब्ज से राहत पाने के लिए फाइबर से भरपूर चीजों को डाइट में शामिल करना जरूरी है। हरी पत्तेदार सब्जियां, फल, सलाद और साबुत अनाज पाचन को बेहतर बनाते हैं और मल को नरम करने में मदद करते हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है, क्योंकि पानी की कमी से मल सख्त हो जाता है। सुबह खाली पेट गुनगुना पानी पीना फायदेमंद हो सकता है, जबकि दही और छाछ जैसे प्रोबायोटिक फूड्स आंतों के लिए लाभकारी होते हैं। वहीं तला-भुना, मैदा और जंक फूड से दूरी बनाना जरूरी है। समय पर खाना और भोजन को अच्छी तरह चबाकर खाना भी पाचन को सुधारता है।

इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

कब्ज के कुछ सामान्य लक्षण होते हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। पेट साफ न होना, मल त्याग में दर्द या जोर लगाना, पेट में भारीपन या सूजन महसूस होना और गैस बनना इसके प्रमुख संकेत हैं। इसके अलावा सिरदर्द, थकान और मुंह का स्वाद खराब होना भी कब्ज की ओर इशारा कर सकता है। लंबे समय तक यह समस्या बनी रहने पर बवासीर या अन्य पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

लाइफस्टाइल में बदलाव भी जरूरी

कब्ज से बचने के लिए सिर्फ डाइट ही नहीं, बल्कि लाइफस्टाइल में सुधार भी जरूरी है। रोजाना हल्की-फुल्की एक्सरसाइज या वॉक करने से पाचन तंत्र बेहतर रहता है। समय पर सोना और उठना शरीर की दिनचर्या को संतुलित करता है। साथ ही मल त्याग को रोकना नहीं चाहिए, क्योंकि इससे समस्या बढ़ सकती है। तनाव भी पाचन को प्रभावित करता है, इसलिए मानसिक रूप से शांत रहना और रिलैक्स रहना जरूरी है। छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके कब्ज से काफी हद तक राहत पाई जा सकती है।

 

Also Read: गर्मियों में सनस्क्रीन क्यों है जरूरी? जानें स्किन को होने वाले नुकसान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.