Kanpur News: ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों ने दिखाई आत्मनिर्भरता की झलक, डॉक्टर्स बोले- दया नहीं, अवसर और प्रशिक्षण है ज़रूरी

Kanpur News: विश्व ऑटिज्म जागरूकता माह के अवसर पर आज कानपुर के कैंट स्थित प्रेरणा स्पेशल स्कूल में एक बेहद खास और जज़्बे से भरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाल रोग अकादमी, कानपुर (IAP) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों ने यह साबित कर दिया कि यदि उन्हें सही मौका और ट्रेनिंग मिले, तो वे किसी भी मामले में पीछे नहीं हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल की प्रधानाचार्या शिखा अग्रवाल के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद मंच संभाला उन बच्चों ने, जिन्हें समाज अक्सर कमतर आंकता है। बच्चों ने अपने व्यावसायिक प्रशिक्षण (Vocational Training) का प्रदर्शन करते हुए फोटोकॉपी करना, मोमबत्ती और धूपबत्ती बनाना, सुंदर लिफाफे तैयार करना और बागवानी जैसे कामों को बड़ी निपुणता से करके दिखाया। इतना ही नहीं, कुछ बच्चों ने सुरीले गीत गाए और वाद्य यंत्र बजाकर वहां मौजूद सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।

समय पर पहचान और आत्मनिर्भरता है कुंजी

अकादमी के अध्यक्ष डॉ. जेके गुप्ता ने अभिभावकों से सीधा संवाद करते हुए एक महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने बताया कि ऑटिज्म कोई बीमारी नहीं, बल्कि एक न्यूरो-डेवलपमेंटल स्थिति है। उन्होंने जोर दिया कि अगर बचपन में ही इसकी पहचान कर ली जाए, तो सुधार की संभावनाएं काफी बढ़ जाती हैं। डॉ. गुप्ता ने कहा कि बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें हुनरमंद बनाना होगा, ताकि वे समाज में सम्मान के साथ जी सकें।

कार्यक्रम में मौजूद अकादमी के सचिव डॉ. शैलेन्द्र गौतम और अजय खन्ना ने भी बच्चों के कौशल की सराहना की। विशेषज्ञों ने माता-पिता को प्रोत्साहित किया कि वे अपने बच्चों की क्षमताओं को कम न समझें, बल्कि विशेषज्ञों की देखरेख में उन्हें सही ट्रेनिंग दिलाएं।

Also Read: Lucknow News: बेगम हज़रत महल ने लखनऊ में आज़ादी की मशाल जलाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.