‘बहानेबाजी बंद करो, नहीं तो डंडे से करूंगा ठीक’, मिर्जापुर में अफसरों पर भड़के BJP विधायक

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में सत्तापक्ष के विधायक और अधिकारियों के बीच तल्खी का एक बड़ा मामला सामने आया है। मंगलवार को सदर सीट से भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा कोन ब्लॉक के गोबरहा गांव में विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान ग्रामीणों ने ‘नल से जल’ योजना के फेल होने की शिकायत की, जिस पर विधायक का पारा चढ़ गया। अधिकारियों को फटकार लगाने का उनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

नल तो लगे पर पानी का अकाल: ग्रामीणों का दर्द

विधायक रत्नाकर मिश्रा नमामि गंगे विभाग की एडीएम विजेता के साथ योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने गांव पहुंचे थे। प्रधान और ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पाइपलाइन और नल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन उनमें पानी की एक बूंद नहीं आ रही है। जब विधायक ने सवाल किया, तो जल जीवन मिशन के अधिकारियों ने पाइपलाइन डैमेज होने का बहाना बनाया। अधिकारियों के इस जवाब पर विधायक रत्नाकर मिश्रा संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने इसे सीधे तौर पर लापरवाही करार दिया।

“बिना लात खाए…” विधायक के बिगड़े बोल

वायरल वीडियो में विधायक रत्नाकर मिश्रा बेहद गुस्से में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा “बिना लात खाये बोकरादी कर रहे हो… ज्यादा बहानेबाजी मत करो, नहीं तो डंडे से ठीक कर दिए जाओगे।”

विधायक ने आरोप लगाया कि अधिकारी केवल फाइलों में काम दिखा रहे हैं, जबकि धरातल पर जनता पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है। उन्होंने मौके पर मौजूद एडीएम को निर्देश दिया कि इन लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ तुरंत लिखित कार्रवाई शुरू की जाए।

22 तारीख तक का अल्टीमेटम

विधायक ने कड़ा रुख अपनाते हुए विभाग को 22 अप्रैल तक की समय सीमा दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित तारीख तक गांव की जलापूर्ति बहाल नहीं हुई, तो वह जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।

Also Read: Kanpur News: ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों ने दिखाई आत्मनिर्भरता की झलक, डॉक्टर्स बोले- दया नहीं, अवसर और प्रशिक्षण है ज़रूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.