Lucknow News: केडी सिंह बाबू स्टेडियम में ‘सांसद खेल महाकुंभ’ का आगाज, राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज रहे मौजूद
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में सोमवार को ‘सांसद खेल महाकुंभ’ का भव्य शुभारंभ हुआ। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर इस महाकुंभ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में खिलाड़ी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे, जिससे पूरा स्टेडियम खेल के उत्साह और ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
भारत में शुरू हुआ खेलों का नया युग: रक्षा मंत्री
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके शानदार प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था (GDP) में भी बड़ा योगदान देते हैं। अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा “विदेशों में खेल जीवन का अहम हिस्सा हैं। भारत में पहले खेलों को वह महत्व नहीं मिला जिसका वह हकदार था, लेकिन पिछले 11-12 वर्षों में स्थितियां बदली हैं। अब भारत सिर्फ क्रिकेट या हॉकी तक सीमित नहीं है, बल्कि हर खेल में अपनी वैश्विक पहचान बना रहा है।”
लखनऊ में विश्वस्तरीय सुविधाओं का संकल्प
राजनाथ सिंह ने लखनऊ की समृद्ध खेल परंपरा को याद करते हुए कहा कि यह शहर हमेशा से खेल गतिविधियों का केंद्र रहा है। उन्होंने अपनी इच्छा जताई कि लखनऊ में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित हों। उन्होंने बताया कि देशभर में 1000 से अधिक खेलो इंडिया सेंटर खोले जा चुके हैं और बेटियों के लिए विशेष रूप से ‘खेलो इंडिया विमेंस लीग’ का आयोजन किया जा रहा है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जताया आभार
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रक्षा मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ के युवाओं के लिए यह महाकुंभ एक बड़ा मंच है। पाठक ने जोर दिया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अब खेल कोटे से सरकारी नौकरियों में भी खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिल रही है, जिससे युवाओं का रुझान खेलों की ओर तेजी से बढ़ा है।
गांव-गांव तक पहुंच रहा खेल इंफ्रास्ट्रक्चर
रक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि पहले जहां खेलों का बजट बेहद सीमित था, वहीं अब सरकार हजारों करोड़ रुपये खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च कर रही है। इसका उद्देश्य गांवों और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को निखारना है ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का तिरंगा लहरा सकें।
Also Read: Maharashtra News: ठाणे में दर्दनाक सड़क हादसा, सीमेंट मिक्सर और वैन की भिड़ंत में 9 की मौत

