’12 हजार में तो इंसान जी भी नहीं सकता’, नोएडा श्रमिक आंदोलन को लेकर बोले बृजभूषण शरण सिंह

Sandesh Wahak Digital Desk: नोएडा में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर कर्मचारियों के प्रदर्शन का मुद्दा गरमाया हुआ है। इस बीच विपक्ष भी लगातार इस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रहा है। वहीं दूसरी ओर भाजपा के कद्दावर नेता बृजभूषण शरण सिंह भी श्रमिकों के समर्थन में अब खुलकर सामने आ गए हैं।

’12 हजार में सम्मानजनक जीवन मुमकिन नहीं’

पत्रकारों से बातचीत के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने नोएडा के श्रमिकों की दयनीय स्थिति पर बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने कहा “12 हजार रुपए कोई सम्मानजनक मजदूरी नहीं है। इतने कम पैसों में तो आदमी जी भी नहीं सकता। जो मजदूर अपना गांव-घर छोड़कर शहर जाते हैं, उनके लिए ₹3-4 हजार कमरे का किराया और ₹4 हजार खाने में ही निकल जाते हैं। अगर कोई बीमार हो जाए तो सब खत्म। ऐसा लगता है जैसे उनकी मजबूरी का फायदा उठाया जा रहा है।”

सियासी गलियारों में हलचल: क्या नोएडा से चुनाव लड़ेंगी बेटी?

बृजभूषण शरण सिंह का यह बयान ऐसे समय में आया है जब उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कई चर्चाएं तेज हैं। उन्होंने हाल ही में स्पष्ट किया था कि वे अगला चुनाव हर हाल में लड़ेंगे, चाहे भाजपा टिकट दे या न दे। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि उनकी बेटी शालिनी सिंह नोएडा से चुनाव लड़ सकती हैं। सूत्रों के अनुसार, उन्हें राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह के खिलाफ समाजवादी पार्टी का समर्थन मिल सकता है। शालिनी सिंह ने भी हाल ही में मजदूरों के कम वेतन को लेकर कड़ा बयान दिया है।

मजदूरों की ‘मजबूरी’ पर सवाल

जब उनसे पूछा गया कि इसके पीछे कौन हो सकता है, तो उन्होंने सधे हुए अंदाज में कहा, “मैं ज्यादा बवाल में पड़ने वाला व्यक्ति नहीं हूँ, लेकिन इतना जानता हूँ कि मजदूरी बहुत कम है और इसे बढ़ाया जाना चाहिए।” बता दें कि बुधवार को भी नोएडा की कई फैक्ट्रियों के बाहर मजदूर अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।

Also Read: सम्राट चौधरी ने अपने पास रखे गृह मंत्रालय समेत 29 मंत्रालय, दोनों डिप्टी सीएम के हिस्से में आए कितने?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.