Lucknow News: अवैध निर्माण रोकने गई LDA टीम पर हमला, गंभीर धाराओं में FIR दर्ज
Lucknow News: राजधानी के काकोरी क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने गई लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की प्रवर्तन टीम पर जानलेवा हमला हुआ है। निर्माणकर्ता और उसके साथियों ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि प्राधिकरण के कर्मचारियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट भी की। इस दुस्साहस के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है और आरोपियों के खिलाफ काकोरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह के अनुसार, मोहान रोड स्थित शिवरी चौराहे के पास निराली व अन्य द्वारा लगभग 200 वर्गमीटर में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा था। इस अवैध निर्माण को प्राधिकरण द्वारा 24 अप्रैल 2026 को सील किया गया था।
निरीक्षण के दौरान मारपीट और धमकी
घटना उस समय हुई जब सुपरवाइजर प्रदीप कुमार और कर्मचारी पीयूष गुरुवार दोपहर सील किए गए भवन की स्थिति जांचने और फोटोग्राफी करने पहुंचे थे। निर्माणकर्ता पक्ष से निराले, यशू, राहुल, शिवधर्म और उनके अन्य साथियों ने अचानक टीम को घेर लिया। आरोपियों ने दोनों कर्मचारियों को बंधक बना लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई की। हमलावरों ने कर्मियों को दोबारा क्षेत्र में दिखने पर जान से मारने की धमकी दी।
उपाध्यक्ष के निर्देश पर सख्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एलडीए उपाध्यक्ष ने आरोपियों के विरुद्ध तत्काल और कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़ित कर्मचारियों की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अब हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान रुकने वाला नहीं है और ऐसी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Also Read: ट्रंप की पहल पर रूस-यूक्रेन के बीच युद्धविराम पर बनी सहमति

