अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, सपा सरकार बनी तो महाराणा प्रताप जयंती पर होगी 2 दिन की छुट्टी
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को आगामी चुनावों के लिए बड़े वादों का पिटारा खोल दिया है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में सपा की सरकार आने पर महाराणा प्रताप की जयंती पर दो दिवसीय सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। साथ ही, लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की एक भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिसके हाथ में सोने का भाला होगा।
अखिलेश यादव ने जनता से कई लोक-लुभावन वादे किए, जिनमें लड़कियों के लिए केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और 300 यूनिट मुफ्त बिजली शामिल है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने बिजली बनाने के बजाय केवल स्मार्ट मीटर लगाकर जनता को परेशान किया है।
ईवीएम और कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला
सपा प्रमुख ने चुनाव प्रणाली और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, हम ईवीएम से जीतकर ही ईवीएम को हटाएंगे और बैलेट पेपर वापस लाएंगे। जब विकसित देशों में बैलेट से वोटिंग हो सकती है, तो भारत में क्यों नहीं?
अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि जीरो टॉलरेंस का नारा देने वालों ने राज्य में कानून-व्यवस्था को ही जीरो कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर सपा समर्थकों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं। अंत में उन्होंने गठबंधन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि सपा मुश्किल समय में साथ छोड़ने वालों में से नहीं है और उनका गठबंधन बरकरार रहेगा।
Also Read: कैबिनेट मंत्री के घर ईडी की रेड पर बरसे सीएम भगवंत मान, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

