विजय बने तमिलनाडु के नये मुख्यमंत्री, कैबिनेट में एक महिला मंत्री सहित 9 सहयोगियों ने ली शपथ

Sandesh Wahak Digital Desk: तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नया इतिहास रचा गया। तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के संस्थापक सी. जोसेफ विजय ने रविवार सुबह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस समारोह के साथ ही राज्य में दशकों से चले आ रहे द्रमुक (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) के द्विध्रुवीय वर्चस्व का अंत हो गया है।

दिग्गज नेताओं की मौजूदगी और समर्थकों का सैलाब

शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी एकजुटता की झलक भी देखने को मिली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विशेष रूप से इस समारोह में शामिल हुए। उनके अलावा गठबंधन के कई अन्य बड़े नेता भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने। स्टेडियम के भीतर और बाहर विजय के समर्थकों का जनसैलाब उमड़ा था, जो अपने चहेते अभिनेता को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखने के लिए उत्साहित थे।

मुख्यमंत्री विजय के साथ उनकी कैबिनेट के 9 मंत्रियों ने भी शपथ ली है। राज्यपाल ने विजय की सिफारिश पर इन मंत्रियों की नियुक्ति को मंजूरी दी थी। इस नई कैबिनेट में शिवकाशी से विधायक एस. कीर्तना एकमात्र महिला मंत्री हैं, जो पहले एमके स्टालिन के साथ भी कार्य कर चुकी हैं।

विजय सरकार के नए मंत्रियों की सूची

आवध अर्जुना

केजी अरुणराज

पी वेंकटरमन

आर निर्मलकुमार

राजमोहन

टीके प्रभु

एस कीर्तना (महिला मंत्री)

एन आनंद

केए सेंगोट्टैयन

सप्ताह भर के गतिरोध के बाद बनी सरकार

बता दें कि चुनाव नतीजों के बाद तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर करीब एक सप्ताह तक राजनीतिक सस्पेंस बना रहा। आखिरकार, कांग्रेस, माकपा, भाकपा, वीसीके और आईयूएमएल जैसे सहयोगी दलों के समर्थन पत्र के साथ विजय ने राजभवन में दावा पेश किया। दो घंटे की मैराथन बैठक के बाद राज्यपाल ने उन्हें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। यह पहली बार है जब विजय विधायक बने हैं और सीधे मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

Also Read: GT के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का धमाका, खास ‘शतक’ से रचा वर्ल्ड रिकॉर्ड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.