पाकिस्तान को मिला नया टेस्ट स्टार, डेब्यू मैच में जड़ा यादगार शतक
Sandesh Wahak Digital Desk: मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान को नया उभरता हुआ सितारा मिल गया है।
21 वर्षीय सलामी बल्लेबाज अजान अवैस ने अपने डेब्यू टेस्ट में ही शानदार शतक जड़कर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
मैच के तीसरे दिन (10 मई) अजान अवैस ने संयम और आत्मविश्वास से भरी पारी खेलते हुए अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया।
पाकिस्तान की पहली पारी में उन्होंने 165 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 103 रन बनाए। उन्हें तस्कीन अहमद की गेंद पर नजमुल हुसैन शांतो ने कैच कर पवेलियन भेजा।
डेब्यू टेस्ट में शतक लगाने वाले अजान अवैस पाकिस्तान के 14वें बल्लेबाज बन गए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने जावेद मियांदाद, यूनुस खान और फवाद आलम जैसे दिग्गजों की सूची में अपना नाम दर्ज कराया।
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अवैस 85 रन पर नाबाद थे, जबकि तीसरे दिन उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए पारी के 51वें ओवर में नाहिद राणा की गेंद पर सिंगल लेकर शतक पूरा किया।

शतक पूरा करने के बाद अजान अवैस ने हेलमेट उतारकर खुशी जाहिर की और सजदा कर अपनी पारी को यादगार बनाया।
घरेलू क्रिकेट में करीब 49 की औसत रखने वाले अवैस ने अपने टेस्ट डेब्यू में भी अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। पारी की शुरुआत में बाउंसर से चोटिल होने के बावजूद उन्होंने धैर्य नहीं खोया और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए।
पाकिस्तान के लिए टेस्ट डेब्यू पर शतक लगाने वाले बल्लेबाज
खालिद इबादुल्ला, जावेद मियांदाद, सलीम मलिक, मोहम्मद वसीम, अली नकवी, अजहर महमूद, यूनुस खान, तौफीक उमर, यासिर हमीद, फवाद आलम, उमर अकमल, आबिद अली, कामरान गुलाम और अब अजान अवैस।
अजान अवैस की यह पारी न सिर्फ इस टेस्ट मैच का अहम मोड़ साबित हुई, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट को भविष्य के लिए एक भरोसेमंद बल्लेबाज भी दे गई है।
Also Read: GT के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी का धमाका, खास ‘शतक’ से रचा वर्ल्ड रिकॉर्ड

