थैलेसीमिया मुक्त बरेली का संकल्प, जिला जज ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को किया रवाना
Bareilly News: बरेली जनपद में थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के बचाव और रोकथाम के लिए जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक भव्य प्रचार रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का औपचारिक शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश प्रदीप कुमार सिंह और सचिव जया प्रियदर्शिनी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली के माध्यम से समाज को इस आनुवंशिक बीमारी के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
आईएमए हॉल से चौकी चौराहे तक गूंजा जागरूकता का नारा
यह जागरूकता रैली आईएमए (IMA) हॉल से शुरू होकर चौकी चौराहे तक गई और पुनः आईएमए परिसर में आकर संपन्न हुई। इस आयोजन में आईएमए के प्रतिष्ठित चिकित्सकों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से आए पीड़ित बच्चे और उनके अभिभावकों ने भी सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को थैलेसीमिया के लक्षणों और इससे बचाव के उपायों के बारे में शिक्षित करना था, ताकि आने वाली पीढ़ी को इस बीमारी के चंगुल से बचाया जा सके।
रैली को सफल बनाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम और पीएलवी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। भुवनेश कुमार यादव, शोएब अली खान, साधना, उन्नति मिश्रा, प्रभा और पूजा ने व्यवस्थाओं को संभालने और जन-जन तक संदेश पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

