Bareilly News: अफीम के साथ स्कूटी सवार दो तस्कर गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आंवला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 2 किलोग्राम अफीम बरामद हुई है। पकड़े गए तस्कर लाल रंग की स्कूटी से नशे की खेप सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया है।

भागने की कोशिश में फिसली स्कूटी

थाना आंवला पुलिस की टीम 9 मई की रात क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आंवला-शाहबाद रोड स्थित लक्ष्मपुर तिराहे के पास जाल बिछाया। जैसे ही लाल रंग की स्कूटी पर दो संदिग्ध आते दिखे, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन असंतुलित होकर स्कूटी फिसल गई और पुलिस ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान फाजिल और दीपक पाण्डेय (दोनों निवासी सिरौली, बरेली) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्हें यह अफीम प्रमोद नामक व्यक्ति ने बेचने के लिए दी थी। मोटी रकम और लालच के चक्कर में वे इस अवैध कारोबार में शामिल हुए थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रमोद के विरुद्ध भी वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: लखनऊ में सपा सांसद के आवास पर राजेश्वर सिंह के समर्थकों का प्रदर्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.