सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली को प्रदेश में मिला दूसरा स्थान, डीएम ने दी बधाई

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी अप्रैल 2026 की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में जनपद बरेली ने अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के नेतृत्व और निरंतर समीक्षा का ही परिणाम है कि बरेली को प्रदेश की ओवरऑल रैंकिंग में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। विकास और राजस्व के मोर्चे पर जिला प्रशासन के तालमेल ने बरेली को राज्य के शीर्ष जनपदों की सूची में खड़ा कर दिया है।

विकास में चौथा और राजस्व में दूसरा स्थान

रैंकिंग के विस्तृत विवरण के अनुसार, बरेली ने राजस्व के क्षेत्र में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में जनपद चौथे स्थान पर रहा। इन दोनों श्रेणियों के संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर तैयार की गई ओवरऑल रैंकिंग में बरेली को प्रदेश का दूसरा सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला जिला घोषित किया गया है। गौरतलब है कि सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर सितंबर 2023 से विकास कार्यों का मासिक मूल्यांकन किया जा रहा है, जिसमें बरेली ने लगातार अपनी स्थिति सुधारी है।

इस बड़ी उपलब्धि पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपद के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह सफलता विभागीय अधिकारियों के कड़े परिश्रम और साप्ताहिक समीक्षा बैठकों में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। उन्होंने सभी उप-जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे विकास और राजस्व कार्यक्रमों की इस प्रगति को निरंतर बनाए रखें ताकि भविष्य में बरेली प्रथम स्थान प्राप्त कर सके।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Bareilly News: अफीम के साथ स्कूटी सवार दो तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.